Saturday, March 14, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में 18680 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू कीं, कहा- भाजपा सरकार बंगाल का नवनिर्माण करेगी

पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में 18680 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू कीं, कहा- भाजपा सरकार बंगाल का नवनिर्माण करेगी

Edited By: Shakti Singh Published : Mar 14, 2026 05:44 pm IST, Updated : Mar 14, 2026 05:44 pm IST

पीएम मोदी ने कुल 18680 करोड़ रुपये की योजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने 231 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले खड़गपुर-मोरग्राम आर्थिक गलियारे की आधारशिला रखी।

PM Modi- India TV Hindi
Image Source : X/BJP प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में 18,680 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत की। इसके साथ ही एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बंगाल का नवनिर्माण करेगी। पीएम ने टीएमसी को घुसपैठियों और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर घेरा। मोदी ने 231 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले खड़गपुर-मोरग्राम आर्थिक गलियारे की आधारशिला रखी, जिससे इन दोनों स्थानों की दूरी लगभग 120 किलोमीटर कम हो जाएगी और लगभग सात से आठ घंटे का समय बचेगा। 

अधिकारियों ने बताया कि यह सड़क खड़गपुर और सिलीगुड़ी के बीच बन रहे आर्थिक गलियारे का हिस्सा है, जो पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, हुगली, पूर्वी बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों से होकर गुजरेगी। उन्होंने बताया कि यह गलियारा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-16, एनएच-19, एनएच-14 और एनएच-12 सहित प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों को एकीकृत करेगा। 

फोनलेन ब्रिज का शिलान्यास

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने बंगाल के अपने दौरे के दौरान एनएच-14 पर 5.6 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले दुबराजपुर बाईपास और कांगशाबती और शिलाबती नदियों पर अतिरिक्त चार लेन वाले पुलों के निर्माण की आधारशिला भी रखी। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने एनएच-19 और एनएच-114 के खंडों का उद्घाटन किया, जिससे सड़क सुरक्षा बढ़ेगी, यात्रा का समय कम होगा, भीड़भाड़ और प्रदूषण कम होगा, क्षेत्रीय संपर्क में सुधार होगा और क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। 

हल्दिया में बेहतर होगी कार्गो हैंडलिंग

प्रधानमंत्री ने हल्दिया गोदी परिसर में 'बर्थ 2' के मशीनीकरण का भी उद्घाटन किया, जिससे कुशल, तेज और पर्यावरण अनुकूल ''कार्गो हैंडलिंग'' संभव हो सकेगी, और खिद्दरपुर (डॉक 1 - पश्चिम) के पुनरुद्धार परियोजना का भी लोकार्पण किया। उन्होंने हल्दिया गोदी परिसर में 'बर्थ-5' के मशीनीकरण और कोलकाता में 'बैस्क्यूल ब्रिज' के नवीनीकरण सहित कई बंदरगाह अवसंरचना परियोजनाओं की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने शहर में नदी पर्यटन सुविधा की भी नींव रखी। 

छह पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन लोकार्पित किए

मोदी ने पुरुलिया-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और अमृत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए गए छह रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया, जिनमें कामाख्यागुड़ी, अनारा, तामलुक, हल्दिया, बराभूम और सिउड़ी शामिल हैं। मोदी ने दो रेलवे परियोजनाओं बेल्डा से दंतान के बीच 16 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन और दक्षिण पूर्वी रेलवे जोन में कलाइकुंडा और कनिमोहुली के बीच स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली भी राष्ट्र को समर्पित किया। राज्य में अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें-

लोगों का उत्साह बता रहा है कि उनके मन में क्या है, कोलकाता में बोले पीएम मोदी

कोलकाता में PM मोदी की रैली से पहले हंगामा, TMC और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, मंत्री शशि पांजा घायल

 

 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement