कोलकाता: कोलकाता पुलिस ने एक युवती के साथ गैंगरेप के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान देबांशु बिस्वास के तौर पर की गई है, जबकि पीड़िता शहर के देशप्रिय पार्क इलाके की रहने वाली थी। पुलिस ने गैंगरेप के मामले में हुई इस गिरफ्तारी के बारे में शुक्रवार को जानकारी दी। इससे पहले, इसी मामले में एक अन्य आरोपी चंदन मलिक को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोपी चंदन मलिका को पुलिस ने बर्धमान रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा, ‘‘एक गुप्त सूचना के आधार पर हमने देबांशु बिस्वास को देशप्रिय पार्क इलाके के पास देखा। यहीं से गुरुवार रात को उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा।’’ अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ता इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या इस कथित अपराध में और लोग भी शामिल थे। दरअसल, पीड़िता ने हरिदेवपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था और मामले की जांच शुरू की गई थी।
पार्टी में बुलाकर किया गैंगरेप
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया था कि चंदन मलिक, जिससे वह कुछ महीने पहले मिली थी, और उसका एक दोस्त देबांशु बिस्वास, इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं। अधिकारी ने बताया, ‘‘पीड़िता ने दावा किया कि चंदन मलिक ने खुद को दक्षिण कोलकाता की एक प्रमुख दुर्गा पूजा समिति का आयोजक बताया था। चंदन के जरिए वह बाद में देबांशु बिस्वास के संपर्क में आई।’’ आरोपियों ने पांच सितंबर को उसे एक पार्टी में आने के लिए बुलाया था। यहां पहुंचने के बाद आरोपी उसे रीजेंट पार्क स्थित एक फ्लैट में ले गए, जहां उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि महिला ने घर लौटने पर पुलिस को घटना के बारे में सूचना दी। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामला, 5वें आरोपी का पुलिस ने किया हाफ एनकाउंटर; पैर में लगी गोली