1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बर्दवान जिला अदालत परिसर में फर्जी वकील को लेकर लगे पोस्टर, मचा हड़कंप, बार एसोसिएशन ने शुरू की जांच

बर्दवान जिला अदालत परिसर में फर्जी वकील को लेकर लगे पोस्टर, मचा हड़कंप, बार एसोसिएशन ने शुरू की जांच

 Published : Jul 05, 2026 11:19 am IST,  Updated : Jul 05, 2026 11:19 am IST

बर्दवान जिला अदालत परिसर में 'फर्जी वकील' के पोस्टर मिलने से हड़कंप मच गया है। वकील निलय चोंगदार पर बिना विधि परीक्षा पास किए प्रैक्टिस करने का आरोप लगा है, जिसकी जांच बार एसोसिएशन ने शुरू कर दी है।

Bangal News- India TV Hindi
बर्दवान जिला अदालत में फर्जी वकील का सनसनीखेज मामला Image Source : PEXELS

पश्चिम बंगाल का बर्दवान जिला अदालत परिसर एक बार फिर चर्चा में है। शनिवार की सुबह अदालत परिसर के भीतर एक कथित “फर्जी वकील” के खिलाफ लगाए गए पोस्टरों ने पूरे प्रशासनिक और कानूनी हलके में भारी हड़कंप मचा दिया। आरोपी का नाम निलय चोंगदार बताया जा रहा है, जो लंबे समय से बर्दवान अदालत में वकील के रूप में काम करते आ रहे थे। लेकिन अब उनकी योग्यता और सदस्यता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सुबह अदालत परिसर के वाहन और साइकिल स्टैंड के पीछे अचानक दो अलग-अलग पोस्टर लगे मिले, जिनमें निलय चोंगदार पर बिना विधि परीक्षा पास किए वकालत करने का आरोप लगाया गया है। पोस्टरों में यह भी पूछा गया कि बिना बार की सदस्यता के वह किसके संरक्षण में वर्षों से काम कर रहे थे। घटना सामने आते ही वकीलों के बीच हड़कंप मच गया और बार एसोसिएशन ने तुरंत जांच शुरू कर दी।

बार एसोसिएशन का बयान

बर्दवान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरूप दास ने बताया कि हाल ही में एक बैठक के दौरान आऊशग्राम से प्राप्त एक पत्र के आधार पर संबंधित व्यक्ति के दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि निलय चोंगदार ने अब तक All India Bar Examination (AIBE) पास नहीं किया है। नियमों के अनुसार उनकी सदस्यता अभी “पेंडिंग” स्थिति में है और उन्हें औपचारिक रूप से बार का सदस्य नहीं माना गया है। बंगाल बार एसोसिएशन ने उनके सभी दस्तावेज बार काउंसिल ऑफ वेस्ट बंगाल और बार काउंसिल ऑफ इंडिया को भेजने का निर्णय लिया है। साथ ही जिला जज को भी इसकी जानकारी दी जाएगी।

आगे की कार्रवाई

बार एसोसिएशन के सह-सभापति संजय घोष ने स्पष्ट किया कि निलय चोंगदार इस समय बार के सदस्य नहीं हैं। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर कानूनी प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है। एसोसिएशन ने कहा कि कानूनी प्रशिक्षण लेना अलग बात है, लेकिन पूरी तरह वकालत करने के लिए सभी परीक्षाएं और नियमों का पालन अनिवार्य है। जल्द ही बार एसोसिएशन की कार्यकारी समिति और सामान्य सदस्यों की आपात बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें इस मामले पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

पोस्टर फाड़े जाने से बढ़ा रहस्य

घटना के बाद लगे हुए पोस्टर फाड़ दिए गए, लेकिन यह अब भी स्पष्ट नहीं है कि पोस्टर किसने लगाए और किसने हटाए। इस घटना को लेकर अदालत परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।

(बिज्जू मंडल की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें-

ममता बनर्जी को फिर झटका, चंद्रिमा भट्टाचार्य ने TMC के प्रदेश अध्यक्ष समेत सभी पदों से इस्तीफा दिया, बागी गुट में शामिल हुईं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।