पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के कालना थाना क्षेत्र के कंपनीडांगा इलाके में एक महिला ने आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में शोक और सनसनी फैल गई। मृतका का नाम मनु बीबी बताया गया है। बुधवार सुबह उनका शव घर में फंदे से लटका मिला।
वोटर लिस्ट में था नाम, वोट भी डाला
परिवार के अनुसार, महिला पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं। बताया गया कि शुरुआत में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान उनका नाम वोटर लिस्ट से हट गया था। हालांकि, बाद में सुनवाई के बाद नाम दोबारा जुड़ गया और उन्होंने इस बार विधानसभा चुनाव में मतदान भी किया था।
बूथ स्लिप खो जाने के बाद थी तनाव में
परिजनों का कहना है कि मतदान के दिन उन्हें बीएलओ की ओर से दी गई बूथ स्लिप कहीं खो गई थी। इसके बाद आसपास की अफवाहों और विभिन्न खबरों को सुनकर वह काफी डर और भ्रम में रहने लगी थीं। उन्हें यह आशंका सताने लगी थी कि स्लिप खो जाने के कारण कहीं उन्हें बांग्लादेश न भेज दिया जाए।
कई लोगों ने की समझाने की कोशिश
परिवार वालों के मुताबिक, वह अपनी बेटी से भी फोन पर इस चिंता का जिक्र करती थीं। घरवालों ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन उनका डर कम नहीं हुआ। घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
शव का कराया गया पोस्टमार्टम
जिले के कालना अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने भी पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पहले लोगों को SIR का था डर
बता दें कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने आत्महत्या कर ली थी। लोगों को डर था कि एसआईआर प्रक्रिया में उनका नाम वोटर लिस्ट से कट जाएगा, इन सब लोगों को बांग्लादेश भेज दिया जाएगा।
बिज्जू मंडल की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, कई मेट्रो स्टेशन, अस्पताल, खेल परिसर और चौक के बदले नाम