पश्चिम बंगाल के कोलकाता में सोमवार को शुभेंदु अधिकारी की अगुआई वाली सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होगा। सुबह 11 बजे 35 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। मौजूदा समय में पश्चिम बंगाल सरकार में सीएम शुभेंदु अधिकारी के अलावा 5 अन्य कैबिनेट मंत्री हैं। मंत्रियों की कुल संख्या 6 है, जबकि पश्चिम बंगाल में अधिकतम 44 मंत्री हो सकते हैं। ऐसे में सोमवार को 35 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे कुल मंत्रियों की संख्या 41 हो जाएगी। सीएम शुभेंदु अधिकारी मौजूदा समय में 40 से ज्यादा विभाग संभाल रहे हैं। नए मंत्रियों को इन्हीं मे से कई विभाग दिए जाएंगे।
शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पोस्ट पर लिखा, "कल सुबह 11 बजे, पश्चिम बंगाल की लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई राष्ट्रवादी राज्य सरकार की पूरी कैबिनेट लोक भवन में शपथ लेगी। पश्चिम बंगाल सरकार के 35 मंत्री अपने पद की शपथ लेंगे, जिसे माननीय राज्यपाल आर.एन. रवि जी दिलाएंगे। हम पश्चिम बंगाल के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"
पश्चिम बंगाल सरकार का मौजूदा मंत्रिमंडल
सुवेंदु अधिकारीः भवानीपुर से विधायक हैं और मुख्यमंत्री हैं। वह कई महत्वपूर्ण विभाग संभाल रहे हैं, जिसमें गृह एवं हिल अफेयर्स, वित्त, कानून, कृषि, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उच्च शिक्षा, सूचना एवं सांस्कृतिक विभाग सहित कुल 40 से ज्यादा विभाग शामिल हैं।
दिलीप घोषः खड़गपुर सदर से विधायक हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पशु संसाधन विकास, कृषि विपणन विभाग उनके पास हैं।
अग्निमित्रा पॉलः आसनसोल दक्षिण से विधायक हैं। मौजूदा कैबिनेट में एक मात्र महिला मंत्री हैं। उनके पास महिला एवं बाल विकास, सामाजिक कल्याण, शहरी विकास, नगरपालिका मामलों
का विभाग है।
अशोक किर्तनियाः बंगांव उत्तर सीट से विधायक हैं। वह खाद्य एवं आपूर्ति, सहकारिता विभाग संभाल रहे हैं।
क्षुदिराम टुडूः रानीबांध से विधायक हैं। जनजातीय विकास, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक एवं मदरसा शिक्षा विभाग देख रहे हैं।
निशिथ प्रामाणिकः माथाभांगा सीट से विधायक हैं। उनके पास उत्तर बंगाल विकास, युवा मामले एवं खेल विभाग हैं।
उत्तर बंगाल और जातिगत समीकरण पर फोकस
शुरुआत में पश्चिम बंगाल में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सिर्फ समय बताया गया था। किन विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा और कितने नए मंत्री शपथ लेने वाले हैं। इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं थी। बाद में शुभेंदु अधिकारी ने खुद एक्स पर पोस्ट कर बताया कि 35 नए मंत्री शपथ लेने वाले हैं। नए मंत्रियों का चुनाव करते समय अलग-अलग वर्गों का ध्यान रखा जाएगा। उत्तर बंगाल के कई विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। कैबिनेट में महिला मंत्रियों की संख्या बढ़ना भी तय है।
यह भी पढ़ें-