1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'मैं तृणमूल कांग्रेस छोड़ दूंगा, लेकिन मस्जिद बनाऊंगा', हुमायूं कबीर के बयान से बंगाल की सियासत में हलचल

'मैं तृणमूल कांग्रेस छोड़ दूंगा, लेकिन मस्जिद बनाऊंगा', हुमायूं कबीर के बयान से बंगाल की सियासत में हलचल

 Reported By: Onkar Sarkar Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Nov 29, 2025 02:34 pm IST,  Updated : Nov 29, 2025 02:34 pm IST

टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर ने घोषणा की कि वे 6 दिसंबर को नई बाबरी मस्जिद की नींव रखेंगे और जल्द ही तृणमूल कांग्रेस छोड़कर दिसंबर 2025 तक नई सेक्युलर पार्टी बनाएंगे। उनके बयान से बंगाल की सियासत गरमा गई है। बीजेपी ने ममता बनर्जी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए हमला बोला है।

Humayun Kabir controversy, Bengal politics row, Babri mosque foundation- India TV Hindi
तृणमूल कांग्रेस के विधायक हुमायूं कबीर। Image Source : REPORTER INPUT

मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल की भरतपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के विधायक हुमायूं कबीर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने यह ऐलान करके सियासी भूचाल ला दिया है कि वे 6 दिसंबर को नई बाबरी मस्जिद की नींव रखेंगे और इसके लिए मुस्लिम समुदाय से ही चंदा जुटाएंगे। साथ ही उन्होंने तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा देने और दिसंबर 2025 तक अपनी नई सेक्युलर पार्टी बनाने का भी एलान कर दिया।  हुमायूं कबीर ने कहा, 'मैं तृणमूल कांग्रेस छोड़ दूंगा, लेकिन मस्जिद बनाऊंगा। मुस्लिम लोगों की मदद से, सरकार से नहीं बल्कि मुस्लिम कम्युनिटी से फाइनेंशियल मदद लेकर मैं बाबरी मस्जिद बनाऊंगा। किसी में हिम्मत नहीं है कि इस काम को रोक सके। मैं किसी से नहीं डरता।'

'शुरुआत में एक कट्ठा जमीन पर नींव रखी जाएगी'

हुमायूं कबीर ने दावा किया, '2011 के सेंसस के मुताबिक 33 पर्सेंट मुस्लिम थे। अब बंगाल में 38 पर्सेंट मुस्लिम हैं। 4 साल इंतजार करो और यह 40 पर्सेंट हो जाएगा। किसी भी कीमत पर 6 दिसंबर को मस्जिद की नींव तैयार हो जाएगी। शुरुआत में एक कट्ठा जमीन पर नींव रखी जाएगी। दिसंबर के 3-4 महीने बाद 25 बीघा जमीन की पहचान होगी और अगले चार साल में उस जमीन पर सिर्फ मस्जिद ही नहीं, बल्कि हॉस्पिटल, यूनिवर्सिटी, होटल और रेस्टोरेंट भी बनेंगे। क्या सेक्युलरिज्म सिर्फ मंदिर बनाने के लिए है?'

'मैं मस्जिद बनाने जाऊं तो यह क्राइम हो जाता है?'

हुमायूं कबीर ने चुनौती भरे लहजे में कहा, 'ममता बनर्जी दीघा में जगन्नाथ मंदिर बना रही हैं, सड़कें ब्लॉक करके दुर्गा पूजा कार्निवल कर रही हैं। अगर मैं मस्जिद बनाने जाऊं तो यह क्राइम हो जाता है? ममता बनर्जी बिजी हैं, मैं उनसे क्या बात करूं? अगर कोई मुझे धमकी देता है तो क्या मैं उसे मिठाई भेजूंगा? हुमायूं कबीर को कमजोर मत समझो। मस्जिद प्राथमिकता है। नमाज पढ़ना मुसलमानों का फर्ज है। मुसलमानों को मंदिर बनाने पर कोई एतराज नहीं है, तो मस्जिद बनाने पर एतराज क्यों?'

'दिसंबर 2025 तक मैं नई पार्टी बनाऊंगा'

हुमायूं कबीर ने पहले भी कहा था कि वह मस्जिद जरूर बनाएंगे। उन्होंने कहा था, 'अगर इस काम को करते हुए मुझे और 100 लोगों को शहीद होना पड़े तो मैं शहीद हो जाऊंगा, लेकिन उसी जगह 500 और लोगों को शहीद कर दूंगा। यह मेरा चैलेंज है। यह अयोध्या नहीं, मुर्शिदाबाद है। जो मेरा सिर धड़ से अलग करने की 1 करोड़ की बात कर रहा है, उसे बता दूं कि जो मेरा सिर काटने आएगा उसका क्या हाल होगा, मैं कहना नहीं चाहता। मैं किसी का सिर नहीं काटता, न पहले कहा न आगे कहूंगा। दिसंबर 2025 तक मैं नई पार्टी बनाऊंगा और 100 सीटों पर उम्मीदवार उतारूंगा। मेरी पार्टी सेक्युलर पार्टी होगी। बंगाली मुसलमान मेरे साथ होंगे।'

ममता बनर्जी पर सवाल, BJP हमलावर

हुमायूं कबीर के इन बयानों के बाद बंगाल की सियासत में सवाल उठ रहा है कि क्या ममता बनर्जी चुपके से अपने ही विधायक को बाबरी मस्जिद बनवाने में सपोर्ट कर रही हैं? विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने ममता बनर्जी से सवाल किया है कि अगर वो सच में बाबरी मस्जिद नहीं बनवाना चाहतीं तो हुमायूं कबीर के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रही हैं? बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने कहा, 'भारतीय जनता पार्टी ने ममता बेगम से ममता बनर्जी बना दिया है। माइनॉरिटी भी उनकी तुष्टीकरण की पॉलिटिक्स को समझ गए हैं। जिसके शरीर में बाबर का खून बह रहा हो, वही बाबरी मस्जिद बनवाना चाहेगा!'बंगाल की सियासत में माइनॉरिटी वोट बैंक को लेकर यह नया विवाद गर्माता दिख रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।