1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. राज्यसभा चुनाव के लिए टीएमसी ने चार उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया, बाबुल सुप्रियो, राजीव कुमार लिस्ट में

राज्यसभा चुनाव के लिए टीएमसी ने चार उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया, बाबुल सुप्रियो, राजीव कुमार लिस्ट में

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Feb 27, 2026 11:28 pm IST,  Updated : Feb 27, 2026 11:28 pm IST

टीएमसी ने जिन चार उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है, उसमें बाबुल सुप्रियो, राजीव कुमार, मेनका गुरुस्वामी और अभिनेत्री कोयल मल्लिक का नाम शामिल है।

Mamata Banerjee- India TV Hindi
ममता बनर्जी Image Source : PTI

राज्यसभा चुनाव के लिए ममता बनर्जी की टीएमसी ने चार उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार शाम को उम्मीदवार के तौर पर मंत्री बाबुल सुप्रियो, पश्चिम बंगाल के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार, अधिवक्ता मेनका गुरुस्वामी और अभिनेत्री कोयल मल्लिक के नामों की घोषणा की। निर्वाचन आयोग ने घोषणा की है कि पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में राज्यसभा की 37 सीट के लिए मतदान 16 मार्च को होगा। 

तृणमूल कांग्रेस की तरफ से एक्स पर लिखा गया, ''हमें आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए बाबुल सुप्रियो, राजीव कुमार, मेनका गुरुस्वामी और कोयल मल्लिक की उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए खुशी हो रही हैं। हम उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हैं।'' 

2021 में टीएमसी में आए थे बाबुल सुप्रियो

बाबुल सुप्रियो 2021 में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे और वर्तमान में ममता बनर्जी मंत्रिमंडल में मंत्री हैं। वह फिल्मों में सफल करियर के बाद 2014 में बीजेपी में शामिल हुए थे। हालांकि, 2021 में उन्होंने ममता की पार्टी का दामन थाम लिया था। वहीं, राजीव कुमार पुलिस महानिदेशक और उससे पहले कोलकाता पुलिस आयुक्त के रूप में कार्य कर चुके हैं। गुरुस्वामी उच्चतम न्यायालय के वकील हैं, जबकि मल्लिक बंगाली फिल्म उद्योग में एक जानी-मानी अभिनेत्री हैं।

सुकांत मजूमदार ने साधा निशाना

टीएमसी ने आने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए बाबुल सुप्रियो, राजीव कुमार (पूर्व डीजीपी, पश्चिम बंगाल), मेनका गुरुस्वामी और कोएल मल्लिक की उम्मीदवारी की घोषणा की है। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, "वे पार्टी कार्यकर्ताओं को (राज्यसभा में) नहीं भेज रहे हैं। राजीव कुमार (पूर्व डीजीपी) को भेजना दिखाता है कि उन्हें सारदा स्कैंडल की जांच के दौरान निभाई गई भूमिका के लिए इनाम दिया जा रहा है।"

राज्यसभा की 37 सीट के लिए 16 मार्च को होंगे चुनाव

भाजपा 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव में 37 में से कम से कम पचास प्रतिशत सीट जीत सकती है और इससे उच्च सदन में उसकी संख्या बढ़ने की संभावना है। जिन 10 राज्यों में ये सीट रिक्त हो रही हैं, उनमें से छह में भाजपा की सरकार है या वह सत्तारूढ़ गठबंधन में साझेदार है। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश (जद-यू), राकांपा (शप) सांसद शरद पवार, लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष एम थंबीदुरई (अन्नाद्रमुक) और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर (जद-यू) और रामदास आठवले (आरपीआई-ए) सहित कई सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के कारण दो और नौ अप्रैल को ये सीट रिक्त हो रही हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, जिन राज्यों में ये सीट रिक्त हो रही हैं, उनमें महाराष्ट्र (सात सीट), ओडिशा (चार), तेलंगाना (दो), तमिलनाडु (छह), छत्तीसगढ़ (दो), पश्चिम बंगाल (पांच), असम (तीन), हरियाणा (दो), हिमाचल प्रदेश (एक) और बिहार (पांच) शामिल हैं।

यह भी पढ़ें-

चाय की दुकान पर बरसीं गोलियां, प्रमोटर पर 6 राउंड की फायरिंग; CCTV में कैद हुआ हत्या का मंजर

केरल का नाम केरलम करने को लेकर सामने आया CM ममता बनर्जी का बयान, कहा- "हमें बांग्ला नाम नहीं दे रहा केंद्र"

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।