1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर पश्चिम बंगाल विधानसभा के सामने प्रदर्शन, पुलिस-प्रदर्शनकारियों में झड़प

शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर पश्चिम बंगाल विधानसभा के सामने प्रदर्शन, पुलिस-प्रदर्शनकारियों में झड़प

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Sep 11, 2025 10:27 pm IST,  Updated : Sep 11, 2025 10:27 pm IST

टीईटी परीक्षी 2022 पास करने का दावा करने वाले प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

Kolkata Police- India TV Hindi
प्रदर्शनकारियों को समझाती पुलिस Image Source : X/@AIRNEWS_KOLKATA

शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 2022 में उत्तीर्ण होने का दावा करने वाले लगभग 200 अभ्यर्थियों ने पश्चिम बंगाल के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में तत्काल भर्ती की मांग को लेकर गुरुवार को राज्य विधानसभा के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने डोरीना क्रॉसिंग, एस्प्लेनेड से विधानसभा तक रैली निकाली। विधानसभा गेट की तरफ बढ़ने पर जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दोनों पक्षों में झड़प हो गई। बाद में तख्तियां थामे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया और उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र से हटाकर पुलिस वैन में भर दिया गया। 

प्रदर्शनकारियों ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी से भी मुलाकात की, जिन्होंने उनके साथ एकजुटता व्यक्त की। शुभेंदु ने प्रदर्शनकारियों से कहा, “हम (भाजपा) आपके साथ हैं। इस भ्रष्ट तृणमूल शासन ने आपको ऐसी स्थिति में धकेल दिया है। उन्होंने राज्य के शिक्षित युवाओं के बीच अपनी सारी विश्वसनीयता खो दी है।” 

तीन साल से इंतजार कर रहे अभ्यर्थी

टीईटी में सफल होने का दावा करने वाली सौम्या बर्मन ने कहा, “हम तीन साल से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने सैकड़ों प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर अभी तक हमारी भर्ती नहीं की है। वे अंशकालिक शिक्षकों और पैरा-टीचर पर काम का बोझ डाल रहे हैं, जबकि हम नौकरी का इंतजार कर रहे हैं।” प्रदर्शनकारी बाद में शहर के लेक टाउन क्षेत्र में शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु के आवास के पास एकत्र हुए और उनसे तत्काल मुलाकात की मांग की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। 

शिक्षा मंत्री से बात करने की मांग

एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “आज शिक्षा मंत्री ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि राज्य सरकार के पास रिक्त पदों की सही संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं है और प्राथमिक शिक्षा बोर्ड 2022 में टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के बारे में सभी प्रासंगिक आंकड़े एवं अधिसूचना अगले कुछ दिनों में जारी करेगा। हम चाहते हैं कि वह (बसु) हमसे बात करें और हमारी शंकाओं को दूर करें।” 

शिक्षा मंत्री ने क्या कहा था?

इससे पहले दिन में बसु ने एक प्रेस वार्ता में सवालों का जवाब देते हुए कहा, “हम टीईटी 2022 में उत्तीर्ण उम्मीदवारों से कुछ और दिन इंतजार करने का अनुरोध करते हैं। पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड जल्द ही रिक्तियों की संख्या और साक्षात्कार कार्यक्रम का विवरण देते हुए एक अधिसूचना जारी करेगा।” (इनपुट- पीटीआई भाषा)

यह भी पढ़ें-

जन्मदिन की पार्टी में बुलाया, खाली फ्लैट में ले जाकर दो दोस्तों ने युवती से किया रेप

'हमारा पड़ोस अच्छा रहेगा तो हम भी अच्छे रहेंगे', नेपाल में Gen Z प्रदर्शन को लेकर ममता बनर्जी की लोगों से खास अपील

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।