आसनसोल: व्हाट्सएप के भारत में करोड़ों यूजर्स हैं। आए दिन वॉट्सऐप अकाउंट के हैक होने की खबरें सामने आती हैं। अब पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (PHE) मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार का व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। सोमवार को उनके मोबाइल नंबर 9434238684 से जुड़े व्हाट्सएप अकाउंट के हैक होने के बाद साइबर ठग उनके संपर्क में मौजूद लोगों को फर्जी संदेश भेजकर पैसे की मांग कर रहे हैं।
35 हजार रुपये मांगकर लोगों को बनाया जा रहा निशाना
हैक किए गए व्हाट्सएप अकाउंट से भेजे जा रहे संदेश में लिखा जा रहा है कि, "मुझे कुछ अमाउंट की अर्जेंट जरूरत है। मेरा UPI काम नहीं कर रहा है। सुबह तक वापस कर दूंगा, हो पाएगा?" इसके बाद ठग 35 हजार रुपये की मांग करते हुए एक QR कोड (स्कैनर) भी भेज रहे हैं, ताकि लोग ऑनलाइन भुगतान कर दें।
साइबर ठगी से चिंता का माहौल
मंत्री अजय कुमार पोद्दार के नाम और नंबर का दुरुपयोग कर की जा रही इस साइबर ठगी से न केवल मंत्री बल्कि उनके परिचितों और आम लोगों में भी चिंता का माहौल है। बताया गया है कि डॉ. अजय कुमार पोद्दार इन दिनों कोलकाता में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे से जुड़े कार्यक्रमों में व्यस्त थे।

मंत्री के बेटे ने क्या बताया?
इस बीच मंत्री के बेटे एवं भाजपा नेता केशव पोद्दार ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि उनके पिता का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि यदि मंत्री के नंबर से किसी प्रकार का संदेश या पैसे की मांग आए तो उस पर बिल्कुल भरोसा न करें और न ही कोई भुगतान करें। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर साइबर अपराधियों के बढ़ते नेटवर्क और डिजिटल माध्यमों से हो रही ठगी को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत को उजागर कर दिया है।
(रिपोर्ट- बिजू मंडल)
यह भी पढ़ें-
ये नया AI एजेंट बिना इंसानी मदद के सिस्टम कर सकता है हैक, रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
हैक हुआ WhatsApp अकाउंट कैसे मिलेगा वापस? डायल करें ये खास सीक्रेट कोड