1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार को 7 दिन का दिया अल्टीमेटम, नहीं हुआ काम तो करेंगी प्रदर्शन

ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार को 7 दिन का दिया अल्टीमेटम, नहीं हुआ काम तो करेंगी प्रदर्शन

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jan 27, 2024 12:15 pm IST,  Updated : Jan 27, 2024 12:15 pm IST

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने एक बार फिर से बकाया राशि का मामला उठाया है। उन्होंने केंद्र सरकार को सात दिन का समय दिया है। इतने दिनों के बीच काम नहीं होने पर उन्होंने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी है।

ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार को 7 दिन का दिया अल्टीमेटम।- India TV Hindi
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार को 7 दिन का दिया अल्टीमेटम। Image Source : PTI

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार को खुली चुनौती दी है। शुक्रवार को उन्होंने केंद्र को सभी बकाया राशि का भुगतान करने के लिए सात दिन का अल्टीमेटम दिया। इस मौके पर ममता बनर्जी ने कहा कि ऐसा न होने की स्थिति में पार्टी बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी। बता दें कि ममता बनर्जी ने यह टिप्पणी 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजभवन में एक कार्यक्रम के दौरान की। उन्होंने कहा कि ‘‘अगर केंद्र सरकार ने निधि जारी नहीं की तो हम (TMC) बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे।’’

इतने रुपये का है बकाया

बता दें कि पश्चिम बंगाल सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, केंद्र पर राज्य का पीएमएवाई के तहत 9,330 करोड़ रुपये, मनरेगा के तहत 6,900 करोड़ रुपये, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 830 करोड़ रुपये, पीएम ग्राम सड़क योजना के तहत 770 करोड़ रुपये, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 350 करोड़ रुपये बकाया है। मध्याह्न भोजन के तहत 175 करोड़ रुपये के साथ ही अन्य योजनाओं का भी बकाया है। इस मामले को लेकर ममता बनर्जी ने 20 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की थी। पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान उन्होंने लंबित केंद्रीय निधि के मुद्दे पर चर्चा की थी। 

पीएम से मिल चुकी हैं ममता

ममता ने पीएम मोदी से मुलाकात के बाद कहा कि "आवास योजना की स्कीम बंद कर दी गई। फाइनेंस कमीशन का भी पैसा नहीं मिल रहा है। हम पहले भी तीन बार पीएम मोदी से मिल चुके हैं। आज पीएम ने कहा है कि हमारे ऑफिसर और आपके ऑफिसर मिलकर बात करेंगे। पीएम ने ध्यान से मेरी बात सुनी है।" वहीं अब एक बार फिर से ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है। ऐसे में देखने वाली बात ये होगी कि केंद्र सरकार का इस पर क्या रुख होता है। और मांगें ना माने जाने के बाद ममता बनर्जी का प्रदर्शन किस स्तर का होने वाला है।

(इनपुट- भाषा) 

यह भी पढ़ें- 

क्या पश्चिम बंगाल में राहुल गांधी की रैली को मंजूरी नहीं मिल रही? अधीर रंजन चौधरी का बड़ा बयान

पश्चिम बंगाल में TMC क्यों अकेले लड़ेगी लोकसभा चुनाव? ममता बनर्जी के करीबी डेरेक ओ ब्रायन ने बताए 3 कारण

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।