हुगली: पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने हुगली में एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, "देश में रहना है तो वंदे मातरम, जन-गण-मन बोलना पड़ेगा। 26 जनवरी और 15 अगस्त का सम्मान करना होगा।"
Related Stories
उन्होंने कहा, "हर स्कूल में वंदे मातरम का पाठ अनिवार्य किया गया है। ये भारत की संस्कृति है। ये सनातन की संस्कृति है। भारत को हिंदुस्तान और भारत दोनों नामों से जाना जाता है। यह देश किसी और के हाथों में नहीं जा सकता।"
तारकनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की
हुगली में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तारकेश्वर स्थित तारकनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
हुगली में दर्शन के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "तारकेश्वर की यात्रा मुख्य रूप से एक प्रशासनिक कार्य था, लेकिन एक भक्त के रूप में, मैं बाबा महादेव के दर्शन करने से चूक नहीं सकता था, जिनका बंगाल में सभी के दिलों में एक विशेष स्थान है।" उन्होंने ये भी कहा कि यहां बहुत काम करना है। यहां नीले और सफेद रंग को केसरिया में बदलना है।"
शुभेंदु ने पीएम मोदी की यात्रा के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि पीएम की यात्रा के बारे में पीएमओ ज्यादा जानकारी देगा। ये एक सरकारी कार्यक्रम होगा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में हालही में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिला है और शुभेंदु अधिकारी को राज्य का सीएम बनाया गया है। सीएम शुभेंदु ने पद संभालते ही राज्य में ताबड़तोड़ एक्शन लेना शुरू किया है, जिसमें अपराध को लेकर उनकी जीरो टॉलरेंस की नीति है और अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर कार्रवाई हुई है। जब से शुभेंदु सीएम बने हैं, तब से तृणमूल कांग्रेस के अंदर हंगामा मचा हुआ है। अभिषेक बनर्जी के घर जांच के लिए सीआईडी पहुंची है और ममता बनर्जी सरकार पर तमाम तरह के आरोप लगा रही हैं। पूरे देश की नजर इस वक्त पश्चिम बंगाल की सिसायत में हो रहे बदलावों पर टिकी है।
बता दें कि हालही में शुभेंदु अधिकारी के मंत्रिमंडल का विस्तार भी हुआ है और उसमें 5 समीकरणों को साधने की कोशिश की गई है। मंत्रिमंडल में अनुभवी नेताओं को तरहीज दी गई है। इसके अलावा उत्तरी बंगाल को महत्व दिया गया है। आदिवासी समुदाय से आने वाले नेताओं को जगह दी है और गोरखाओं को भी साधने की कोशिश हुई है। इसके अलावा अहम बात ये है कि महिलाओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।