1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'यहां बहुत परेशानी चल रही है, इसलिए हम जा रहे हैं', शुभेंदु सरकार के एक्शन से दहशत में बांग्लादेशी घुसपैठिए

'यहां बहुत परेशानी चल रही है, इसलिए हम जा रहे हैं', शुभेंदु सरकार के एक्शन से दहशत में बांग्लादेशी घुसपैठिए

 Published : May 27, 2026 12:15 pm IST,  Updated : May 27, 2026 12:15 pm IST

पश्चिम बंगाल में ‘डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट’ अभियान के तहत अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों पर कार्रवाई तेज हो गई है। सरकार ने होल्डिंग सेंटर बनाने के निर्देश दिए हैं, जबकि बीजेपी नेताओं ने घुसपैठियों की पहचान कर निर्वासन प्रक्रिया तेज करने की बात कही है।

West Bengal illegal immigrants, Bangladesh border news, Detect Delete Deport campaign- India TV Hindi
उत्तर 24 परगना जिले में स्थित हाकिमपुर चेकपोस्ट पर भारी भीड़ नजर आ रही है। Image Source : ANI

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई तेज होती दिखाई दे रही है। राज्य में 'डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट' पॉलिसी के तहत कैंपेन चलाए जाने के बाद बड़ी संख्या में लोग बांग्लादेश सीमा की ओर पहुंचने लगे हैं। उत्तर 24 परगना जिले में स्थित हाकिमपुर चेकपोस्ट, जो भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर है, वहां मंगलवार को बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ देखी गई। बताया जा रहा है कि ये वे लोग हैं जिन पर अवैध रूप से भारत में रहने का आरोप है।

'हम 10 लोग आए, लेकिन अब सिर्फ मैं लौट रहा हूं'

सूत्रों के मुताबिक, सीमा पर पहुंचे कई लोगों का कहना है कि अब उन्हें काम नहीं मिल रहा और प्रशासन भी उन्हें रहने की अनुमति नहीं दे रहा। इसी वजह से वे वापस बांग्लादेश लौटने की तैयारी कर रहे हैं। हावड़ा में मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करने वाले एक बांग्लादेशी नागरिक ने बताया, 'यहां अभी बहुत परेशानी चल रही है, इसलिए हम जा रहे हैं। काम नहीं मिल रहा और कोई रहने नहीं दे रहा। हम 2-3 साल पहले बांग्लादेश से आए थे। हमें एक व्यक्ति यहां लेकर आया था। मेरे पास आधार कार्ड या राशन कार्ड नहीं है। हम 10 लोग आए थे, लेकिन अब सिर्फ मैं लौट रहा हूं।'

'अवैध घुसपैठियों की जगह सिर्फ होल्डिंग सेंटर में'

बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू ने दावा किया कि कई अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को पहले ही वापस भेजा जा चुका है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। उन्होंने कहा, 'अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों की जगह सिर्फ होल्डिंग सेंटर में है। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में भी कहा था कि घुसपैठियों के लिए भारत में कोई जगह नहीं है। कुछ लोग भाग गए हैं, कुछ को वापस भेज दिया गया है और कुछ अभी छिपे हुए हैं। हम सबको ढूंढ निकालेंगे।' उन्होंने यह भी कहा कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने का काम जारी है और पार्टी केंद्र सरकार के कामकाज में दखल नहीं देगी।

सभी जिलों में होल्डिंग सेंटर बनाने के निर्देश

बंगाल सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों और सजा पूरी कर चुके विदेशी कैदियों के लिए होल्डिंग सेंटर बनाए जाएं। गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार ऐसे लोगों को अस्थायी रूप से रखने की व्यवस्था की जाए, जिनकी पहचान अवैध विदेशी नागरिक के रूप में हुई है। 23 मई को जारी निर्देश में कहा गया कि बांग्लादेशी नागरिकों और रोहिंग्या समुदाय के उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए जो भारत में अवैध रूप से रह रहे हैं और जिनकी वापसी या निर्वासन की प्रक्रिया लंबित है।

BSF को सौंपे जाएंगे बांग्लादेशी घुसपैठिए

राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि सीमा पर पकड़े गए लोगों को लंबी कानूनी प्रक्रिया में रखने के बजाय सीमा सुरक्षा बल यानी कि BSF के हवाले किया जा सकता है। इसके बाद BSF उन्हें बांग्लादेशी अधिकारियों को सौंपेगी। बताया जा रहा है कि प्रशासन लंबे समय तक ऐसे लोगों को जेल या होल्डिंग सेंटर में रखने के बजाय जल्द से जल्द निर्वासन की प्रक्रिया पूरी करना चाहता है। इस अभियान के बाद सीमा इलाकों में हलचल बढ़ गई है और आने वाले दिनों में कार्रवाई और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।