1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. TMC नेता को बीच सड़क पर गोलियों से भूना, हत्या से पहले नाम पूछकर किया था कंफर्म

TMC नेता को बीच सड़क पर गोलियों से भूना, हत्या से पहले नाम पूछकर किया था कंफर्म

 Published : Nov 22, 2023 10:33 am IST,  Updated : Nov 22, 2023 10:33 am IST

बंगाल में यह तीसरी ऐसी घटना है, जिसमें किसी सत्ताधारी दल के नेता की खुली सड़कों पर इसी तरह से हत्या कर दी गई। 17 नवंबर को भी अज्ञात लोगों द्वारा क्रूड बम से हमला कर तृणमूल कांग्रेस के पंचायत प्रमुख रूपचंद मंडल की हत्या कर दी गई थी।

बंगाल में तृणमूल...- India TV Hindi
बंगाल में तृणमूल कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Source : INDIA TV

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में मंगलवार को एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मारे गए नेता विक्की यादव तृणमूल नेता और लोकसभा सांसद अर्जुन सिंह के भतीजे सौरभ सिंह के वफादार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन नकाबपोश व्यक्ति मोटरसाइकिल से यादव के आवास के सामने पहुंचे और जैसे ही वह घर से बाहर निकले, उन्होंने उन पर करीब से कम से कम 11 राउंड गोलियां चलाईं। उन्हें तुरंत पास के भाटपारा राज्य जनरल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

सामने आ रहा कॉन्ट्रैक्ट किलर का एंगल

घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या की प्रकृति से मामले में कॉन्ट्रैक्ट किलर का एंगल सामने आ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने हत्यारों को करीब से गोली चलाने से पहले पीड़ित से यह पूछते हुए सुना था कि क्या वह विक्की यादव है।

बंगाल में तीसरी ऐसी घटना

बता दें कि राज्य में यह तीसरी ऐसी घटना है, जिसमें किसी सत्ताधारी दल के नेता की खुली सड़कों पर इसी तरह से हत्या कर दी गई। 16 नवंबर को दक्षिण 24 परगना जिले के जयनगर में स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता और पंचायत सदस्य सैफुद्दीन लश्कर की इसी तरह हत्या कर दी गई थी। उनकी हत्या के कारण एक व्यक्ति की "प्रति-हत्या" हुई और मुख्य रूप से लश्कर के अनुयायियों की गुस्साई भीड़ ने स्थानीय सीपीआई (एम) कार्यकर्ताओं के 16 घरों को आग लगा दी।

17 नवंबर को अज्ञात लोगों द्वारा क्रूड बम से हमला कर तृणमूल कांग्रेस के पंचायत प्रमुख रूपचंद मंडल की हत्या कर दी गई थी।

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।