1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कौन है ताजिमुल, जिसने सरेआम महिला पर बरसाए कोड़े, बंगाल के तालिबानी का कैसे JCB पड़ा नाम?

कौन है ताजिमुल, जिसने सरेआम महिला पर बरसाए कोड़े, बंगाल के तालिबानी का कैसे JCB पड़ा नाम?

 Published : Jul 02, 2024 04:06 pm IST,  Updated : Jul 02, 2024 04:06 pm IST

जिस महिला की पिटाई की गई उसका कसूर सिर्फ इतना था कि इलाके के किसी शख्स के साथ उसका अफेयर था। वहीं, ताजिमुल का खौफ इतना है कि उसके डर से महिला ने पुलिस के पास शिकायत तक नहीं की। काफी दबाव पड़ने के बाद पुलिस ने एक्शन लिया।

tajmul JCB- India TV Hindi
ताजिमुल को क्यों कहते हैं जेसीबी Image Source : X-ANI

पश्चिम बंगाल से एक और दिल दहलाने वाला वीडियो सामने आया है। यह तालिबानी सजा का ऐसा वीडियो है जिसे देखकर आप सिहर जाएंगे। बीजेपी नेता सुवेंदू अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें एक महिला और पुरुष का हाथ बांधकर घुमाया गया और बेरहमी से उसकी पिटाई गई। सुवेंदू अधिकारी के मुताबिक, इस वीडियो में टीएमसी नेता ताजिमुल दिख रहा है जिसने ये तालिबानी सजा सुनाई है।  

महिला की सरेआम पिटाई का मामला गर्माया

वीडियो में तृणमूल कांग्रेस का लोकल लीडर एक महिला और उसके साथी को सरेआम डंडे से बुरी तरह पीटता हुआ दिख रहा है। ये घटना नॉर्थ दिनाजपुर के चोपरा इलाके की है। जिस महिला की सरेआम पिटाई की जा रही है। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि इलाके के किसी शख्स के साथ उसका अफेयर था। गांव वालों ने इस महिला को अपने पार्टनर के साथ पकड़ लिया। इसके बाद पंचाय़त बुलाई गई और पंचायत ने महिला और उसके प्रेमी को पीटने का फरमान सुना दिया। इसके बाद भीड़ में से एक शख्स निकला और उसने महिला पर बेरहमी से डंडे बरसाने शुरू कर दिए। फिर उसके साथी को भी पीटा और भीड़ तमाशा देखती रही।

TMC विधायक का करीबी है ताजिमुल

वीडियो में जो शख्स पिटाई करता हुआ दिख रहा है उसका नाम ताजिमुल है। इलाके में उसे जेसीबी के नाम से जाना जाता है। ताजिमुल तृणमूल कांग्रेस का लोकल लीडर है और TMC के विधायक हमीदुल रहमान का करीबी माना जाता है। ताजिमुल का खौफ इतना है कि उसके डर से महिला ने पुलिस के पास शिकायत तक नहीं की। काफी दबाव पड़ने के बाद पुलिस ने एक्शन लिया। कोर्ट ने ताजिमुल को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। स्थानीय टीएमसी विधायक ने तो महिला की पिटाई को शरिया से जोड़ दिया।

ताजिमुल को क्यों बोलते हैं JCB?

ताजिमुल को स्थानीय लोग जेसीबी कहकर बुलाया करते थे। इस वीडियो के वारयल होने से बहुत पहले ही उसका जेसीबी नाम पड़ चुका था। ताजिमुल को उसके काम करने के तरीके के कारण जेसीबी कहा जाता है। ताजिमुल ने जेसीबी की तरह ही ‘फौरन न्याय दिलाकर’ यह नाम कमाया था। इलाके के लोग उसके कई किस्से सुनाते हैं, जो शायद ही कभी स्थानीय या राष्ट्रीय सुर्खियों में आए हों। स्थानीय लोग ताजिमुल के अत्याचार को लेकर भी कई कहानियां सुनाते हैं। बता दें कि ताजेमुल की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की वीडियो आ रही हैं। एक वीडियो में ताजेमुल को महिला और उसके साथ एक व्यक्ति को हाथ-पांव बांधकर परेड करवाकर पीटते हुए दिखाया गया है।

'क्या बंगाल में शरिया कानून लागू हो गया है?'

इस मामले पर बीजेपी और कांग्रेस दोनों ममता सरकार पर हमलावर हैं। बीजेपी ने तो कोलकाता में प्रोटेस्ट भी किया। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सवाल उठाए। बीजेपी ने टीएमसी के विधायक हमीदुल रहमान के बयान पर भी आपत्ति जताई। बीजेपी विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि अब ममता बनर्जी ये बताएं कि क्या बंगाल में शरिया कानून लागू हो गया है। क्या भारत मुस्लिम राष्ट्र बन गया है।

यह भी पढ़ें-

सलमान को मारने के लिए बिश्नोई गैंग ने निकाली थी 25 लाख की सुपारी

शादीशुदा महिला ने की खुदकुशी, स्थानीय महिलाओं ने की थी पिटाई; जानें पूरा मामला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।