1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. एल सल्वाडोर मर्डर केस में पूर्व पुलिसकर्मी के घर से 14 शव मिले

एल सल्वाडोर मर्डर केस में पूर्व पुलिसकर्मी के घर से 14 शव मिले

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 21, 2021 01:33 pm IST,  Updated : May 21, 2021 01:33 pm IST

2 महिलाओं की हत्या के लिए इस महीने गिरफ्तार किए गए पुलिस के पूर्व अधिकारी के घर पर अब 14 शव मिले हैं।

El Salvador murder case, El Salvador Ex-cop, El Salvador Police Officer, El Salvador Murders- India TV Hindi
2 महिलाओं की हत्या के लिए इस महीने गिरफ्तार किए गए पुलिस के पूर्व अधिकारी के घर पर अब 14 शव मिले हैं। Image Source : AP

सल्वाडोर: अल सल्वाडोर में 2 महिलाओं की हत्या के लिए इस महीने गिरफ्तार किए गए पुलिस के पूर्व अधिकारी के घर पर अब 14 शव मिले हैं। सल्वाडोर के अभियोजकों ने गुरुवार को इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस मामले ने हत्या के एक बड़े चक्र की मौजूदगी का खुलासा किया है जो संभवत: करीब एक दशक से चल रहा है। माना जा रहा है कि इनमें से कई शवों को करीब 2 साल पहले दफनाया गया है। वहीं, स्थानीय मीडिया में ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि अधिकारी ने करीब 20 लोगों की हत्या की है।

‘महीने की शुरुआत में हिरासत में लिया गया शावेज’

पूर्व पुलिस अधिकारी, ह्यूगो ओसोरियो शावेज को 57 वर्षीय महिला और उसकी 26 वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में इस महीने की शुरुआत में हिरासत में लिया गया था और आरोप तय किए गए थे। इससे पहले यौन अपराधों की जांच का सामना कर रहे 51 वर्षीय ओसोरिया शावेज ने दोनों की हत्या करनी स्वीकार की थी। अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद, पूर्वी चालचोआपा नगर में उसके घर की तलाश शुरू की गई थी। अभियोजकों ने बताया कि इस तलाश में उसके घर में 8 गड्ढों में दफनाए गए 14 शव मिले। इन शवों को संभवत: करीब 2 साल पहले दफनाया गया है।

‘मारे गए लोगों में कई छोटी बच्चियां भी शामिल’
ओसोरिया शावेज के घर से बरामद हो रही लाशों की संख्या पिछले हफ्ते में 4 और बढ़ गई हैं। अभियोजकों ने बताया कि मारे गए लोगों में 9, 7 और 2 साल की लड़कियां भी हो सकती हैं। देश के डायरेक्टर ऑफ पुलिस मॉरिसियो आरियाजा शिकास ने बताया कि ओसोरिया शावेज को 2005 में फोर्स से निकाल दिया गया था। उन्होंने कहा, 'ओसोरिया शावेज ने हमें बताया कि वह अपने शिकार सोशल मीडिया से फंसाता था।' उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जिसने भी अपराधों में उसका साथ दिया था, उनमें से 99 प्रतिशत लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश