1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. बोको हरम ने अंतिम संस्कार से लौट रहे 23 लोगों की गोली मारकर हत्या की

बोको हरम ने अंतिम संस्कार से लौट रहे 23 लोगों की गोली मारकर हत्या की

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 28, 2019 10:54 am IST,  Updated : Jul 28, 2019 10:55 am IST

ये सभी लोग एक अंतिम संस्कार से लौट रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवारों ने उनके ऊपर गोलियां बरसा दीं।

Boko Haram kills 23 mourners after funeral in Nigeria | Pixabay Representational- India TV Hindi
Boko Haram kills 23 mourners after funeral in Nigeria | Pixabay Representational

कानो: नाइजीरिया की धरती एक बार फिर इस्लामी आतंकी संगठन बोको हरम के आतंक से थर्रा उठी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोको हरम के बंदूकधारियों ने नाइजीरिया में अशांत उत्तर पूर्व क्षेत्र के बोर्नो राज्य में शनिवार को गोलियां बरसाकर 23 लोगों की जान ले ली। स्थानीय मिलिशिया और निवासियों ने इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि ये सभी लोग एक अंतिम संस्कार से लौट रहे थे, तभी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए बोको हरम के आतंकियों ने उनके ऊपर गोलियां बरसा दीं। 

शनिवार सुबह 10:30 बजे की है घटना

स्थानीय मिलिशिया नेता बुनु बुकर मुस्तफा ने बताया कि मैदुगुरी के समीप न्गांजई जिले में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे पुरुषों के एक समूह पर आतंकियों ने गोलियों की बारिश कर दी। उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार सुबह अंतरराष्ट्रीय समयानुसार करीब साढ़े 10 बजे की है। हमलावर 3 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे। मुस्तफा ने बताया, ‘हमारे लोगों ने घटनास्थल से 23 शव बरामद किए हैं।’ न्गांजई जिले के एक अधिकारी ने घटना और मृतकों की संख्या दोनों की पुष्टि की है।

2009 से जारी है आतंक का खेल
आपको बता दें कि 2009 में मोहम्मद यूसूफ नाम के शख्स ने इस आतंकी संगठन की स्थापना की थी। नाइजीरिया में सरकार और इस्लामी चरमपंथियों के बीच उभरे मतभेदों के चलते यह संगठन अस्तित्व में आया था। इसेक बाद से बोको हरम आतंक का पर्याय बन चुका है और इस संगठन ने तबसे हजारों लोगों की जिंदगियों को तबाह और बर्बाद किया है। नाइजीरिया में जारी इस जंग में पिछले दस सालों में कम से कम 27 हजार लोग मारे जा चुके हैं, और 20 लाख से ज्यादा को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश