1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. न्यूजीलैंड: 5 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में रहेगा दो मस्जिदों में फायरिंग का आरोपी, पेशी के बाद अदालत ने सुनाया आदेश

न्यूजीलैंड: 5 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में रहेगा दो मस्जिदों में फायरिंग का आरोपी, पेशी के बाद अदालत ने सुनाया आदेश

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 16, 2019 09:12 am IST,  Updated : Mar 16, 2019 09:12 am IST

कोर्ट ने आरोपी ब्रेंटन टैरंट को अगली सुनवाई तक के लिए कस्टडी में भेज दिया है। मामले की अगली सुनवाई 5 अप्रैल को होनी है। बता दें कि हमले के बाद से 9 भारतीय भी लापता है।

New Zealand shooting suspect appears in Christchurch court- India TV Hindi
New Zealand shooting suspect appears in Christchurch court Image Source : TWITTER

क्राइस्टचर्च (न्यूजीलैंड): न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में दो मस्जिदों पर फायरिंग कर 49 लोगों की हत्या करने वाले ब्रेंटन टैरंट को अदालत में पेश किया गया। अदालत में आरोपी ने अपनी जमानत के लिए कोई अपील नहीं की। कोर्ट ने आरोपी ब्रेंटन टैरंट को अगली सुनवाई तक के लिए कस्टडी में भेज दिया है। मामले की अगली सुनवाई 5 अप्रैल को होनी है। बता दें कि हमले के बाद से 9 भारतीय भी लापता है।

न्यूजीलैंड में भारत के उच्चायुक्त संजीव कोहली ने 9 भारतीयों के लापता होने की बात कही है। संजीव कोहली ने ट्वीट किया है कि 'कई सारे सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक भारतीय मूल के 9 लोग लापता हैं। इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी अभी बाकी है। मस्जिद में फायरिंग की घटना मानवता के खिलाफ बड़ा अपराध है। हमारी संवेदना इस घटना में हताहत लोगों के परिजनों के साथ है।'

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने इसे हमले को ‘‘हिंसा की एक असाधारण और अभूतपूर्व घटना’’ बताते हुए स्वीकार किया कि इसमें प्रभावित लोग या तो प्रवासी हैं या फिर शरणार्थी हैं। मृतकों की संख्या बताते हुए उन्होंने कहा कि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि इसे अब केवल आतंकवादी हमला ही करार दिया जा सकता है। हम जितना जानते हैं, ऐसा लगता है कि यह पूर्व नियोजित था।’’ 

चश्मदीद लेन पेनेहा ने बताया कि उन्होंने एक व्यक्ति को काले कपड़े पहने मस्जिद में घुसते देखा और उसके बाद दर्जनों गोलियों के चलने की आवाजें सुनाई दीं। इससे घबराये हुए लोग मस्जिद में इधर उधर भागने लगे। इसके बाद वह वहां से भागा और इस दौरान उसके हाथ से कुछ गिर गया जो शायद उसका स्वचालित हथियार था। तब वह मस्जिद की तरफ लोगों की मदद करने के लिए दौड़ पड़े।

हमलावर ने संभवत: एक लाइवस्ट्रीम वीडियो भी बनाया, जिसमें इस भयावह कांड की वीभत्सता को दर्ज किया गया है। बंदूकधारी मस्जिद में करीब दो मिनट रहा और वहां मौजूद नमाजियों पर बार बार गोलियां दागीं। यहां तक कि उसने पहले ही दम तोड़ चुके लोगों पर भी ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। 

वहां से वह सड़क पर निकला और पैदल चल रहे लोगों पर गोलियां बरसाईं। फिर वह वापस मस्जिद में गया और करीब दो दर्जन से अधिक लोग जमीन पर पड़े थे। वहां से फिर वह वापस आया और एक महिला को गोली मार दी और अपनी कार में आकर बैठ गया। उसकी कार में इंग्लिश रॉक बैंड ‘‘ द क्रेजी वर्ल्ड ऑफ आर्थर ब्राउन’’ का ‘‘फायर’’ गीत बज रहा था। 

भारतीयों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी की गई है। किसी भी तरह की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर-021803899 या 021850033

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश