1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने की अपील, गाजा में शांति के लिए BRICS देश उठाएं ये कदम

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने की अपील, गाजा में शांति के लिए BRICS देश उठाएं ये कदम

 Published : Nov 22, 2023 02:18 pm IST,  Updated : Nov 22, 2023 02:18 pm IST

गाजा में हजारों महिलाओं और बच्चों की हत्या के लिए दक्षिण अफ्रीका ने इजरायल पर युद्ध अपराध का आरोप लगाया है। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने कहा कि 7 अक्टूबर को हमास आतंकियों ने जो कृत्य किया, उसके जवाब में इजरायल ने भी निर्दोष फिलिस्तीनी नागरिकों की हत्या करके युद्ध अपराध किया।

सिरिल रामफोसा, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति। - India TV Hindi
सिरिल रामफोसा, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति। Image Source : AP

इजरायल-हमास युद्ध के बीच दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने गाजा में शांति लाने के लिए बड़ी अपील की है। उन्होंने ब्रिक्स समूह के देशों से इजरायल और हमास के बीच न्यायसंगत और स्थाई शांति लाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का आह्वान किया है। रामफोसा ने मंगलवार को पश्चिम एशिया की स्थिति पर ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) नेताओं और आमंत्रित ब्रिक्स सदस्यों की एक ऑनलाइन विशेष संयुक्त बैठक को संबोधित किया। उन्होंने फलस्तीन में ‘संयुक्त राष्ट्र रैपिड डिप्लॉयमेंट फोर्स’ की तैनाती का भी प्रस्ताव रखा। 
 
रामफोसा ने कहा कि इस फोर्स की तैनाती का उद्देश्य शत्रुता की समाप्ति की निगरानी करना और नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र के समर्थन से फलस्तीनियों और इजराइलियों के नेतृत्व एवं स्वामित्व वाली व्यापक बातचीत करना शामिल है। ब्रिक्स देशों के नेताओं के अलावा नए ब्रिक्स भागीदारों - सऊदी अरब, अर्जेंटीना, मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात के नेताओं ने भी ऑनलाइन बैठक में भाग लिया। रामफोसा ने अपने शुरुआती संबोधन में कहा, ‘‘मानवता के एक बड़े हिस्से का प्रतिनिधित्व करने वाले ग्लोबल साउथ की एक महत्वपूर्ण आवाज के रूप में हमारा मानना है कि न्यायसंगत और स्थायी शांति प्राप्त करने के लिए व्यापक अंतरराष्ट्रीय प्रयास में ब्रिक्स की महत्वपूर्ण भूमिका है।’’

रामफोसा ने कहा-इजरायल ने किया युद्ध अपराध

‘ग्लोबल साउथ’ शब्द का इस्तेमाल आम तौर पर आर्थिक रूप से कम विकसित देशों को संदर्भित करने के लिए किया जाता है। इस बैठक को ‘‘गंभीर वैश्विक चिंता के मुद्दे को संबोधित करने’’ के लिए बुलाई गई बैठक बताते हुए रामफोसा ने कहा कि सात अक्टूबर को हमास द्वारा इजराइल पर हमले में 1,200 से अधिक लोगों के मारे जाने के बाद से दुनिया गाजा में हजारों लोगों की विनाशकारी हत्या की गवाह रही है, जिनमें से कई महिलाएं और बच्चे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘गाजा के 11,000 से अधिक निवासी मारे गए हैं। कई हजार से अधिक लोग घायल हुए हैं। बुनियादी ढांचे, घर, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं नष्ट हो गई हैं। गाजा की आधी से ज्यादा आबादी विस्थापित हो चुकी है।’’ उन्होंने इजराइल पर युद्ध अपराध का आरोप लगाया। (भाषा) 

यह भी पढ़ें

इजरायल के बाद अब अमेरिका ने भी किया हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमला, लड़ाकू विमानों ने मचाई तबाही

कौन है हमास का लादेन?...जिसे भूखे शेर की तरह ढूंढ़ रही है इजरायली सेना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश