1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. समुद्र में 9 दिनों तक भटकते रहे 76 रोहिंग्या मुसलमान, जानें फिर कैसे बची उनकी जान!

समुद्र में 9 दिनों तक भटकते रहे 76 रोहिंग्या मुसलमान, जानें फिर कैसे बची उनकी जान!

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 21, 2018 12:54 pm IST,  Updated : Apr 21, 2018 12:54 pm IST

इसे एक चमत्कार ही कहा जाएगा कि इतने दिनों तक सागर में फंसे यह लोग आज सही सलामत हैं...

Representational Image | AP Photo- India TV Hindi
Representational Image | AP Photo

बेरियून: इंडोनेशिया  के पास समुद्र में 9 दिनों तक फंसे रोहिंग्या मुसलमानों को बचा लिया गया है। इसे एक चमत्कार ही कहा जाएगा कि इतने दिनों तक सागर में फंसे यह लोग आज सही सलामत हैं। इंडोनेशिया के जल क्षेत्र से बचाए गए 76 रोहिंग्या मुस्लिमों के समूह में से एक व्यक्ति ने बताया कि म्यांमार छोड़ने के बाद वे लोग 9 दिन से एक लकड़ी की नाव में समुद्र में थे। उस व्यक्ति ने बताया कि ये लोग मलेशिया पहुंचने की कोशिश कर रहे थे लेकिन रास्ता भटक गए। हालांकि उनकी किस्मत अच्छी थी कि इंडोनेशियाई मछुआरों के एक दल ने उन्हें देख लिया जिसके बाद उनके सुरक्षित तट पर लाया जा सका।

बताया जा रहा है कि इन 76 रोहिंग्या मुसलमानों  को सुमात्रा द्वीप के एकेह प्रांत के तट पर शुक्रवार को बचाकर लाया गया। इस समुदाय के लोगों ने समुद्री रास्ते से म्यांमार छोडने के लिए इस महीने में तीसरी बार प्रयास किया है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि इनमें से कई लोग निर्जलीकरण और थकान से गुजर रहे हैं, इन्हें इलाज की जरूरत है। गौरतलब है कि म्यांमार से भागने के चक्कर में कई रोहिंग्या मुसलमानों को अपनी जान से भी हाथ धोना पड़ा है। हालांकि, इस कोशिश में कितने रोहिंग्याओं की मौत हुई है, इसका सही-सही आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 76 लोगों के इस समूह में 8 बच्चे, 25 महिलाएं और 43 पुरुष शामिल थे। आपको बता दें कि म्यांमार में अल्पसंख्यक रोहिंग्या मुसलमानों पर अत्याचार की खबरें हैं, जिसके बाद से बड़ी संख्या में वे अन्य देशों को पलायन कर रहे हैं। इनमें से बड़ी संख्या में रोहिंग्याओं ने बांग्लादेश में शरण ली हुई है। संयुक्त राष्ट्र भी रोहिंग्या मुसलमानों के पलायन को एक बड़ी समस्या मान रहा है और उनकी स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने की कोशिश में लगा हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश