नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए बयान से पलट गए हैं। एक दिन पहले इमरान ने मोदी की आलोचना की थी लेकिन आज उन्होंने कहा है कि अगर भारत के आम चुनाव में बीजेपी की जीत हुई तो ये पाकिस्तान के लिए बेहतर होगा।
Related Stories
इमरान ख़ान ने कहा कि बीजेपी के जीत पर भारत और पाकिस्तान के बीच शांति वार्ता के लिए अच्छा माहौल रहेगा जबकि कांग्रेस के जीतने पर कश्मीर समेत कई मुद्दों पर बातचीत की राह मुश्किल हो जाएगी।
इमरान खान ने आगे यह भी कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार सत्ता में आयी तो शायद शाति वार्ता मुमकिन नहीं होगा। उन्होंने ये भी उम्मीद जतायी है कि अगर मोदी सरकार 2019 में वापसी करती है तो कश्मीर का हल भी निकलना आसान होगा।
इमरान खान ने कहा कि इस्लामाबाद अपने देश में सभी आतंकी संगठनों को खत्म करने की कोशिशों में जुटा है और सरकार को इसके लिए पाकिस्तानी सेना का भी पूर्ण सहयोग मिल रहा है। कश्मीर में भी सक्रिय कुछ आतंकी संगठनों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कश्मीर में एक राजनीतिक संघर्ष था और इसका समाधान सैन्य ताकत से नहीं निकाला जा सकता। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने मोदी की तुलना इजरायल के पीएम बेंजमिन नेतन्याहू से की और कहा कि मोदी उनकी ही तरह भय और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर चुनावी मैदान में उतरे हैं।