1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इंडोनेशिया भूकंप: मृतकों की संख्‍या बढ़कर पहुंची 1234, वैज्ञानिकों ने बताए हलचल के ये कारण

इंडोनेशिया भूकंप: मृतकों की संख्‍या बढ़कर पहुंची 1234, वैज्ञानिकों ने बताए हलचल के ये कारण

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 02, 2018 12:57 pm IST,  Updated : Oct 02, 2018 12:57 pm IST

इंडोनेशिया में पिछले शुक्रवार को आए भयावह भूकंप में मरने वालों की संख्‍या बढ़कर 1234 पहुंच गई है।

Indonesia- India TV Hindi
Indonesia

इंडोनेशिया में पिछले शुक्रवार को आए भयावह भूकंप में मरने वालों की संख्‍या बढ़कर 1234 पहुंच गई है। इंडोनेशिया में बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य चल रहा है। कई दुर्गम इलाकों में राहत दल के पहुंचने के बाद मृतकों की संख्‍या में वृद्धि देखी जा रही है। सोमवार को ही एक चर्च से 34 छात्रों के शव बरामद किए थे। बता दें कि इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में शुक्रवार को तेज भूकंप आया था। भूकंप की तीव्रता रिएक्टर पैमाने पर 7.5 दर्ज की गई थी। उसके बाद आई सुनामी से पूरे द्वीप पर भारी क्षति पहुंची थी। इस बीच मंगलवार सुबह भी इंडोनेशिया के सुंबा द्वीप पर दो भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। सुंबा से सुलावेसी के बीच की दूरी 1600 किमी है।

वैज्ञानिकों ने बताया कारण

इंडोनेशियाई शहर पालू में तबाही लाने वाली सुनामी की एकमात्र वजह भूकंप नहीं था, बल्कि इस आपदा के पीछे और भी कई कारण थे। वैज्ञानिकों ने कहा कि भूकंप के अलावा लंबी, संकरी खाड़ी समेत कई अन्य कारकों के चलते यह भयावह लहरें उठी। ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी के धरती विज्ञान विभाग में टेक्टोनिक्स के विशेषज्ञ बाप्टिस्ट गोम्बर्ट ने कहा कि अक्सर सुनामी तथाकथित ‘थ्रस्ट’ भूकंप की वजह से आती है। लेकिन पालू में आई सुनामी इसके उलट थी जो ‘स्ट्राइक स्लिप फॉल्ट’ की वजह से आई। क्यूनिन के मुताबिक ‘स्ट्राइक स्लिप फॉल्ट’ की वजह से सुनामी की आशंका बहुत ही कम होती है क्योंकि उसके कारण समुद्र की सतह ऊपर की ओर ज्यादा नहीं उठती।

भारत ने की मदद की पेशकश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो से फोन पर बात की और सुनामी प्रभावित देश की मदद के लिए पेशकश भी की। प्रधानमंत्री कार्यालय से बयान जारी कर बताया गया कि इंडोनेशिया के सुलावेसी क्षेत्र में आए हाल के भूकंप और सुनामी में मरने वाले लोगों के प्रति मोदी ने शोक व्यक्त किया।

नौसेना के तीन पोत इंडोनेशिया रवाना

नौ सेना ने अपने तीन जंगी जहाज इंडोनेशिया की ओर रवाना करने की घोषणा की है। ये तीन जहाज मंगलवार सुबह इंडोनेशिया के तट की ओर प्रस्‍थान कर गए हैं। भारतीय नौ सेना ने सोमवार को अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से कहा कि उसने दक्षिण-पूर्व एशिया में तैनात अपने तीन जहाजों को मानवीय सहायता के लिए सुनामी प्रभावित इंडोनेशिया के लिए रवाना कर दिया है।

34 छात्रों के शव मिले, 52 लापता

इंडोनेशियाई बचाव कर्मियों ने शुक्रवार को सुलावेसी में आए भूकंप के बाद एक चर्च में भूस्खलन में मारे गए 34 छात्रों के शव बरामद किए। इंडोनेशिया की रेड क्रॉस की प्रवक्ता औलिया अरियानी ने बताया कि बचाव दल को कुल 34 शव मिले हैं। सिगी बिरोमारू जिले के जोनोंग चर्च ट्रेनिंग सेंटर के एक बाइबल कैंप से 86 छात्रों के लापता होने की खबर थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश