1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. कोरोनावायरस: चीन के बाहर मौत का पहला मामला सामने आया, फिलीपींस में एक शख्स ने तोड़ा दम

कोरोनावायरस: चीन के बाहर मौत का पहला मामला सामने आया, फिलीपींस में एक शख्स ने तोड़ा दम

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 02, 2020 09:53 am IST,  Updated : Feb 02, 2020 09:53 am IST

वुहान से दुनिया के तमाम देशों में फैले इस वायरस के कारण किसी शख्स की चीन के बाहर मौत होने का यह पहला मामला है।

Coronavirus Philippines, Coronavirus First Death Outside China, Coronavirus Live Updates- India TV Hindi
Philippines reports first death outside of China in coronavirus outbreak | WHO

मनीला: फिलीपींस में कोरोनावायरस के कारण एक शख्स की मौत हो गई है। वुहान से दुनिया के तमाम देशों में फैले इस वायरस के कारण किसी शख्स की चीन के बाहर मौत होने का यह पहला मामला है। विश्व स्वास्थ्य संगठन में फिलीपींस के प्रतिनिधि रवींद्र अबेयासिंघे ने रविवार को इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, ‘यह चीन के बाहर मौत का पहला मामला है।’ हालांकि फिलीपींस में जिस व्यक्ति की मौत हुई है वह चीन के वुहान शहर का रहने वाला था। चीन में इस बीमारी के चलते रविवार सुबह तक 304 लोगों की जान जा चुकी थी।

चीन में सभी मौतें हुबेई प्रांत में

चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (NHC) ने अपनी डेली रिपोर्ट में बताया कि शनिवार तक इस बीमारी के कारण 304 लोगों की मौत हो गई और 14,380 लोगों के इस विषाणु से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। चीन के एनएससी के अनुसार सभी लोगों की मौत हुबेई प्रांत में हुई है। आयोग ने बताया कि शनिवार को इस संक्रमण के 4,562 नए संदिग्ध मामले सामने आए। उसने बताया कि शनिवार को 315 मरीज गंभीर रूप से बीमार हो गए और 85 लोगों को स्वास्थ्य सुधार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। फिलीपींस में हुई मौत को जोड़ लिया जाए तो अब तक इस वायरस ने कम से कम 305 जानें ली हैं।


गंभीर हाल में हैं 2110 मरीज
आयोग ने बताया कि कुल 2110 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है और कुल 19544 लोगों के इस विषाणु से संक्रमित होने का संदेह है। कुल 328 लोगों को स्वास्थ्य में सुधार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उल्लेखनीय है कि इस विषाणु का दिसंबर की शुरुआत में पता चला था और इसके हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान स्थित बाजार से फैलने की आशंका है जहां मांस के लिए जंगली जानवरों की बिक्री होती है। (भाषा से इनपुट्स के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश