1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. दिल की बिमारी से जूझ रहा है 'बिकनी किलर' चार्ल्स शोभराज, होगी ओपन हार्ट सर्जरी

दिल की बिमारी से जूझ रहा है 'बिकनी किलर' चार्ल्स शोभराज, होगी ओपन हार्ट सर्जरी

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 09, 2017 07:19 pm IST,  Updated : Jun 09, 2017 07:21 pm IST

नेपाल की जेल में कई वर्षों से कैद कुख्यात सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज को शुक्रवार को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी ओपन हार्ट सर्जरी हो सकती है।

Charles Sobhraj | PTI File Photo - India TV Hindi
Charles Sobhraj | PTI File Photo

काठमांडू: नेपाल की जेल में कई वर्षों से कैद कुख्यात सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज को शुक्रवार को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी ओपन हार्ट सर्जरी हो सकती है। फ्रांसीसी नागरिक 73 वर्षीय शोभराज हाल ही में काठमांडो के केंद्रीय कारागार की विशेष कोठरी में बेहोश हो गया था जहां वह पिछले 12 साल से कैद है। प्राथमिक जांच के बाद शोभराज को काठमांडो के बाहरी इलाके में स्थिति शहीद गंगालाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मिट्रल वॉल्व लीकेज के लिए सर्जरी कराने की सलाह दी।

केंद्रीय कारागार के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि उसे आज अस्पताल में भर्ती कराया गया और सोमवार को उसकी ओपन हार्ट सर्जरी होगी। डॉक्टर ने कहा कि इलाज पर होने वाला सारा खर्च नेपाल सरकार वहन करेगी। भारतीय और वियतनामी मूल के माता-पिता की संतान शोभराज बिकनी किलर और धोखा देने तथा फरार होने में शातिर होने के कारण सांप नाम से कुख्यात शोभराज 1975 में अमेरिकी महिला कोनी जो ब्रॉन्जिच की हत्या के लिए वर्ष 2003 से काठमांडो जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। नेपाल में उम्रकैद की सजा का मतलब है जेल में 20 साल काटना। अगर शोभराज जेल की सजा पूरी काट लेता है तो उसे दोषी ठहराने के लिए नेपाल की एक जिला अदालत में एक और मामला लंबित है। वह घूमने-फिरने आए कई लोगों की हत्याओं के मामलों में भी संलिप्त था।

शोभराज ने भारत में जेल में 21 साल बिताए। इससे पहले वह 1986 में तिहाड़ जेल में 22 दिन की सजा काटने के बाद अपना जन्मदिन मनाने की आड़ में सुरक्षाकर्मियों को मिठाई में नशीला पदार्थ खिलाकर जेल से भाग गया था। ऐसा माना जाता है कि शोभराज ने 70 के दशक में 15 से 20 लोगों की हत्या की। उसके 2 पीड़ित तो केवल बिकनी पहने ही पाए गए थे। उसने 1972 से 1976 के बीच एशिया में ज्यादातर पश्चिमी देशों से आए पर्यटकों से दोस्ती की और उन्हें नशीला पदार्थ खिलाने के बाद उनकी हत्या की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश