1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. कुछ लोग मायूस हैं कि देश में कोरोना अधिक नहीं फैला: इमरान खान

कुछ लोग मायूस हैं कि देश में कोरोना अधिक नहीं फैला: इमरान खान

 Reported By: IANS
 Published : Apr 18, 2020 10:05 pm IST,  Updated : Apr 18, 2020 10:05 pm IST

पाकिस्तान में कोरोना वायरस से होने वाली मौतों को छिपाने के आरोप से तिलमिलाए प्रधानमंत्री इमरान खान ने शनिवार को कहा कि कुछ लोग इसी बात को लेकर मायूस हैं कि पाकिस्तान में कोरोना अधिक नहीं फैला है।

Imran Khan- India TV Hindi
Imran Khan

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में कोरोना वायरस से होने वाली मौतों को छिपाने के आरोप से तिलमिलाए प्रधानमंत्री इमरान खान ने शनिवार को कहा कि कुछ लोग इसी बात को लेकर मायूस हैं कि पाकिस्तान में कोरोना अधिक नहीं फैला है। साथ ही उन्होंने कहा कि मई महीने के मध्य से देश में कोरोना वायरस मामले तेजी से बढ़ सकते हैं। पाकिस्तान में इस आशय की आवाजें उठ रही हैं कि देश में कोरोना वायरस से होने वाली मौतों को छिपाया जा रहा है। खुद सिंध के मुख्यमंत्री व पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी नेता मुराद अली शाह ने भी संकेतों में इस संदेह को व्यक्त किया है।

'एक्सप्रेस न्यूज' की रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा, "कुछ लोग ऐसे हैं जो इस बात से मायूस हैं कि देश में कोरोना अधिक नहीं फैला। मेरी अपील है कि कोरोना वायरस पर राजनीति न करें। दो दिन पहले सुना कि कराची में कोरोना से अधिक मौतें हो रही हैं। बगैर किसी पुष्टि के कहा गया कि सरकार मौतें छिपा रही है। क्या अगर हम कोरोना मामले छिपाएंगे तो कोरोना खत्म हो जाएगा?"

इमरान ने कोरोना महामारी की वर्तमान स्थिति पर कहा, "पहले आशंका जताई गई थी कि पाकिस्तान में 25 अप्रैल तक कोरोना के 50 हजार मामले होंगे। लेकिन, ईश्वर की कृपा से हम बड़े नुकसान से बच गए।"

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा कि मई के मध्य में कोरोना संकट देश में बढ़ सकता है। उन्होंने कहा, "इस महीने में तो कोई दिक्कत नहीं है लेकिन 15 मई से 25 मई के बीच संकट बढ़ सकता है। मरीजों की बढ़ी संख्या से अस्पतालों पर दबाव बढ़ सकता है। हम इससे निपटने की तैयारी कर लेंगे।"

पाकिस्तान में शनिवार शाम तक कोरोना वायरस के कारण 144 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 7654 हो गई है जिनमें से 1832 लोग स्वस्थ होकर घरों को लौट चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश