1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'चंद्रयान-3 की लैंडिंग पाकिस्तान में भी दिखाई जाए', भारत के खिलाफ जहर उगलने वाले फवाद चौधरी के क्यों बदले सुर?

'चंद्रयान-3 की लैंडिंग पाकिस्तान में भी दिखाई जाए', भारत के खिलाफ जहर उगलने वाले फवाद चौधरी के क्यों बदले सुर?

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Aug 23, 2023 09:25 am IST,  Updated : Aug 23, 2023 09:26 am IST

चंद्रयान-2 की असफलता पर भारत को कोसने वाले और पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद चौधरी के सुर अचानक बदल गए हैं। उन्होंने मांग की है कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव प्रसारण पाकिस्तान में भी किया जाए। जानिए उनका मन अचानक क्यों बदल गया? क्यों वे भारत के मून मिशन को ऐतिहासिक कह रहे हैं?

'चंद्रयान-3 की लैंडिंग पाकिस्तान में भी दिखाई जाए', भारत के खिलाफ जहर उगलने वाले फवाद चौधरी का क्यों- India TV Hindi
'चंद्रयान-3 की लैंडिंग पाकिस्तान में भी दिखाई जाए', भारत के खिलाफ जहर उगलने वाले फवाद चौधरी का क्यों बदला मन? Image Source : INDIA TV

Fawad Chaudhary on Chandrayaan-3: भारत और पाकिस्तान के आजादी एकसाथ हुई, लेकिन भारत ने तेजी से तरक्की की और पाकिस्तान पिछड़ता गया। आज पाकिस्तान की तिजोरी खाली है और वह कंगाल है। जबकि भारत हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है। इसमें अंतरिक्ष क्षेत्र भी शामिल है। साइंस, टेक्नोलॉजी में भारत अपने पड़ोसी मुल्क से बहुत आगे है। आज भारत चंद्रमा की जमीन पर अपना अंतरिक्ष यान चंद्रयान 3 उतार रहा है। इसकी कल्पना पाकिस्तान कर भी नहीं सकता। इन सबके बीच पाकिस्तान के पूर्व आईटी मंत्री फवाद चौधरी ने एक ऐसी मांग कर डाली है, जिस पर सभी को हैरानी हो रही है। भारत के खिलाफ जहर उगलने वाले फवाद चौधरी ने कहा है कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग पाकिस्तान में भी लाइव दिखानी चाहिए। ये वही फवाद चौधरी हैं, जिन्होंने चंद्रयान—2 की असफलता पर जश्न मनाया था और विवादित कमेंट किए थे। हालांकि उन्हीं के देश के लोगों ने उन्हें नसीहत दे डाली थी। इस बार फवाद चौधरी ने चंद्रयान 3 की लैंडिंग लाइव दिखाए जाने की मांग की है। जानिए उनका मन क्यों बदल गया,

यह ​बात जानने योग्य है कि पाकिस्तान की स्पेस एजेंसी भारत से पहले शुरू हुई थी, लेकिन आज वह भारत से कोसों दूर है। उसकी स्पेस एजेंसी के कोई अते पते नहीं हैं। भारत आज चांद और मंगल तक पहुंच गया है। भारत के स्पेस प्रोग्राम की कामयाबी ऐसी है कि पहले उसका मजाक बनाने वाले लोग अब उसकी तारीफें कर रहे हैं। इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद हुसैन चौधरी ने एक ऐसा ट्वीट किया है, जिसे देख कर लगता है कि जैसे उनका मन बदल गया है। फवाद हुसैन चौधरी ने एक ट्वीट में चंद्रयान-3 की लैंडिंग का पाकिस्तान में लाइव प्रसारण करने को कहा है। उन्होंने ट्वीट किया, 'पाक मीडिया को कल शाम 6.15 बजे चंद्रयान की चंद्रमा लैंडिंग को लाइव दिखाना चाहिए। मानव जाति के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण है। विशेष रूप से भारत के लोगों, वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष समुदाय के लिए। बहुत बधाई।'

चंद्रयान-2 की असफलता पर उड़ाया था मजाक

फवाद चौधरी के इस ट्वीट पर लोगों ने उनके पुराने ट्वीट याद दिलाए। दरअसल जब चंद्रयान-2 मिशन फेल हो गया था तो पूरा भारत निराश था, लेकिन पाकिस्तान में फवाद चौधरी समेत आम पाकिस्तानी जश्न मना रहे थे। एक देश का टेक्नोलॉजी मिनिस्टर जब किसी वैज्ञानिक प्रयोग के फेल होने पर जश्न मनाए तो उनकी मानसिकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। फवाद चौधरी ने तब ट्वीट में लिखा था कि 'भारत को जो काम नहीं आता उसे वह बिल्कुल नहीं करना चाहिए'।

क्यों बदल गए फवाद चौधरी के सुर?

फवाद चौधरी के सुर अब बदल गए हैं, उसका कारण यह है कि जब चंद्रयान-2 फेल हुआ था तब वह सत्ता में थे। उस दौरान वह ऐसे बयान दे रहे थे, जो पाकिस्तानी आवाम को पसंद आए। लेकिन अब वह सत्ता से बाहर हैं और इसका असर उनके बयान से साफ दिखता है। चंद्रयान-2 फेल होन के दौरान उन्होंने कहा था, 'भारत सिर्फ बॉलीवुड के जरिए चांद पर पहुंच सकता है।' हालांकि उन्हें तब भारतीयों ने करारा जवाब दिया था। जिसके बाद उन्होंने कहा था, 'भारतीय मुझे गालियां दे रहे हैं। ऐसा लग रहा है, जैसे यह मिशन मेरे कारण फेल हुआ।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश