1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'अमेरिका को बहुत भारी पड़ेगी ईरान के साथ जंग', ‘चीन के नास्त्रेदमस’ की भविष्यवाणी ने मचाई सनसनी

'अमेरिका को बहुत भारी पड़ेगी ईरान के साथ जंग', ‘चीन के नास्त्रेदमस’ की भविष्यवाणी ने मचाई सनसनी

 Published : Apr 09, 2026 08:05 pm IST,  Updated : Apr 09, 2026 08:05 pm IST

‘चीन के नास्त्रेदमस’ कहे जाने वाले जियांग ज्यूकिन ने भविष्यवाणी की है कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध अमेरिका के लिए भारी साबित हो सकता है। उनका दावा है कि जमीन पर सेना उतारने की स्थिति में लड़ाई लंबी खिंच सकती है।

US Iran war prediction, Jiang Xueqin prediction, China Nostradamus- India TV Hindi
'चीन के नास्त्रेदमस' जियांग ज्यूकिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। Image Source : YOUTUBE/PREDICTIVEHISTORY/AP

नई दिल्ली: 'चीन का नास्त्रेदमस' कहे जाने वाले जियांग ज्यूकिन (Jiang Xueqin) ने ईरान और अमेरिका के बीच जंग को लेकर एक बड़ी भविष्यवाणी की है। बता दें कि उन्होंने कुछ साल पहले 3 बड़ी भविष्यवाणियां की थीं जिनमें से 2 बिल्कुल सही साबित हुई थीं। उनकी भविष्यवाणियों की सटीकता के कारण अक्सर उन्हें 'चीन का नास्त्रेदमस' कहा जाता है। जियांग ज्यूकिन YouTube पर 'Predictive History' नाम से एक चैनल चलाते हैं, जहां वे वैश्विक राजनीति और युद्ध जैसे मुद्दों पर अपने विचार साझा करते हैं।

काफी सही साबित हुई हैं जियांग की बातें

हाल ही में जियांग ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव और भविष्य की संभावित स्थिति को लेकर गंभीर चेतावनी दी है। उन्होंने पहले भविष्यवाणी की थी कि ईरान के साथ किसी युद्ध में अमेरिका मुश्किलों का सामना करेगा। साथ ही जियांग यह भी कहा था कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने धमकी भरे बयानों से पीछे हट सकते हैं। उनकी यह भविष्यवाणी तब चर्चा में आई जब ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देने के बाद 2 हफ्ते के सीजफायर पर सहमति जता दी।

'अमेरिका जमीन पर अपनी सेना उतारेगा'

हालांकि, जियांग की सबसे बड़ी चिंता एक और संभावित स्थिति को लेकर है। उनका मानना है कि भले ही अमेरिका शुरुआत में बचने की कोशिश करे, लेकिन अंत में उसे ईरान में जमीन पर सेना भेजनी पड़ सकती है। उनके मुताबिक, सिर्फ हवाई हमलों से युद्ध नहीं जीता जा सकता और इससे अमेरिका धीरे-धीरे संघर्ष में और अंदर तक जा सकता है। जियांग का यह भी कहना है कि ईरान भले ही सैन्य ताकत में कमजोर हो, लेकिन वह इस पूरे संघर्ष को काफी संतुलित तरीके से संभाल रहा है। उनके मुताबिक ईरान रणनीति में लचीलापन दिखा रहा है, जबकि अमेरिका एक तय योजना के तहत आगे बढ़ रहा है।

अमेरिकी स्ट्रैटिजी की जियांग ने की आलोचना

जियांग ने अपने छात्रों से कहा,'रणनीतिक लचीलापन सबसे महत्वपूर्ण होता है। जिसके पास ज्यादा विकल्प होते हैं और जो हालात के अनुसार खुद को बदल सकता है, वही अंत में जीतता है।' जियांग ने अमेरिकी सैन्य रणनीति की आलोचना करते हुए इसे 'उल्टा पिरामिड' (inverted pyramid) बताया, जिसमें हवाई ताकत को ज्यादा महत्व दिया जाता है और जमीनी सेना को कम। उनके अनुसार, यह रणनीति लंबे और जटिल युद्धों में कारगर साबित नहीं होती और फिलहाल यही रणनीति अमेरिका अपना रहा है।

जियांग ने 2024 में की थीं ये 3 भविष्यवाणियां

बता दें कि साल 2024 में एक ऑनलाइन लेक्चर के दौरान जियांग ने 3 बड़ी भविष्यवाणियां की थीं। उन्होंने कहा था, 'मैं इस कक्षा में 3 बड़ी भविष्यवाणियां करने जा रहा हूं। पहली, ट्रंप नवंबर में चुनाव जीतेंगे। दूसरी, अमेरिका ईरान के साथ युद्ध करेगा। और तीसरी,अमेरिका यह युद्ध हार जाएगा, जिससे वैश्विक व्यवस्था हमेशा के लिए बदल जाएगी।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश