वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन की वैश्विक स्तर पर स्वीकार्यता घटकर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई है। हैरानी की बात यह है कि इस मामले में चीन अमेरिका से आगे निकल गया है। वॉशिंगटन स्थित प्रसिद्ध विश्लेषण एवं सलाहकार फर्म 'गैलप' के ताजा सर्वेक्षण में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है। बता दें कि गैलप पिछले 2 दशक से हर साल 'वर्ल्ड पोल' के जरिए दुनिया भर के लोगों से चार बड़ी शक्तियों, अमेरिका, चीन, रूस और जर्मनी के नेतृत्व को लेकर राय पूछता है।
Related Stories
130 से ज्यादा देशों के लोगों की राय शामिल
2025 के सर्वेक्षण में 130 से ज्यादा देशों के लोगों की राय शामिल की गई। सर्वेक्षण के मुख्य आंकड़ों की बात करें तो अमेरिकी नेतृत्व की नीतियों और कार्रवाइयों से 48 प्रतिशत लोगों ने नाराजगी जताई, जो अब तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। चीन की नीतियों और कार्रवाइयों से नाराजगी सिर्फ 37 प्रतिशत लोगों की रही। वहीं, चीन के मामले में 36 प्रतिशत लोगों ने संतोष जताया, जबकि अमेरिका के लिए यह 31 प्रतिशत ही रहा। बता दें कि 2024 में अमेरिकी नेतृत्व की स्वीकार्यता 39 प्रतिशत थी, जबकि चीन की मात्र 32 प्रतिशत थी, लेकिन 2025 में अमेरिका पीछे खिसक गया।
सर्वे में कैसा रहा अन्य देशों का प्रदर्शन?
सर्वे में शामिल बाकी देशों की बात करें तो जर्मनी की सरकार लगातार नौवीं बार सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली सरकार रही। लोगों के बीच इसकी स्वीकार्यता बढ़कर रिकॉर्ड 48 प्रतिशत हो गई। वहीं, रूस की नीतियों से सिर्फ 26 प्रतिशत लोगों ने संतोष व्यक्त किया। सर्वेक्षण के मुताबिक, 2024 से 2025 के बीच अमेरिकी नेतृत्व की स्वीकार्यता 44 देशों में 10 या उससे ज्यादा प्रतिशत अंक घटी। वहीं सिर्फ 7 देशों में यह बढ़ी। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप प्रशासन की कुछ नीतियों के कारण अमेरिका की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचा है, जिसका फायदा चीन को मिला है।
कहां घटी और कहां बढ़ी अमेरिका की स्वीकार्यता?
नेतृत्व की स्वीकार्यता में यह गिरावट अमेरिका के करीबी सहयोगी देशों और NATO सदस्य देशों में ज्यादा देखी गई। जर्मनी में अमेरिका की स्वीकार्यता 39 प्रतिशत अंक घटी, जबकि पुर्तगाल में 38 प्रतिशत अंक की गिरावट हुई। कनाडा, ब्रिटेन और इटली जैसे पुराने सहयोगी देशों में भी काफी कमी आई। वहीं, इजरायल में अमेरिकी नेतृत्व की स्वीकार्यता बढ़ गई। अक्टूबर 2023 के हमास हमले के बाद यहां अमेरिका की लोकप्रियता पहले बढ़ी, फिर 2024 में घटी, लेकिन ट्रंप के वापस सत्ता में आने के बाद 2025 में यह 76 प्रतिशत तक पहुंच गई।