1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. दिल्ली ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान में दहशत, एक्सपर्ट ने कहा- 'भारत कर सकता है कार्रवाई'

दिल्ली ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान में दहशत, एक्सपर्ट ने कहा- 'भारत कर सकता है कार्रवाई'

 Published : Nov 11, 2025 02:40 pm IST,  Updated : Nov 11, 2025 02:43 pm IST

भारत की राजधानी दिल्ली में लाल किला के पास हुए ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान के भीतर दहशत का माहौल है। पाकिस्तानी एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर इस ब्लास्ट में पाकिस्तान का नाम आता है तो भारत जवाबी कार्रवाई कर सकता है।

Pakistan is worried after Delhi blast- India TV Hindi
दिल्ली ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान को सता रहा डर। Image Source : AP/PTI

दिल्ली में सोमवार की शाम को हुअ ब्लास्ट की जांच चल रही है। एक-एक कड़ी जोड़ी जा रही है। भारत सरकार ने या फिर किसी भी एजेंसी ने अभी तक डायरेक्ट पाकिस्तान का नाम नहीं लिया है। हालांकि, पाकिस्तान में अभी से ही पैनिक शुरू हो गया है। पाकिस्तान के टीवी चैनल्स कल रात से ही बौखलाहट भरी रिपोर्टिंग कर रहे हैं और ये बताने की कोशिश कर रहे हैं इसमें पाकिस्तान का कोई रोल नहीं है। पाकिस्तान एक्सपर्ट ने कहा है कि हालात बिगड़ रहे हैं और पाकिस्तान को भारत की जवाबी कार्रवाई का डर है।

पाकिस्तान की सरकार डरी हुई है- आरजू काजमी

दिल्ली धमाकों के बाद पाकिस्तान की सरकार डरी हुई है। ये बात खुद पाकिस्तानी पत्रकार आरजू काजमी का कहना है। आरजू की मानें तो पाकिस्तान सरकार इस वक्त खौफ में है क्योंकि उसे डर है कि भारत पाकिस्तान को कठघरे में जरूर खड़ा करेगा। आरजू ने कहा- "दिल्ली वाले अटैक के बाद मामलात बिगड़ते दिखाई दे रहे हैं। एक बार फिर भारत की तरफ से खुलकर तो नहीं कहा गया है लेकिन इन्वेस्टिगेशन चल रही है और किसी किस्म का जाहिर है कोई सबूत मिला, कोई बात हुई तो भारत पाकिस्तान की तरफ इशारा कर सकता है. पाकिस्तान को कह सकता है। ऐसे में पाकिस्तान क्या करेगा? पाकिस्तान पहले ही घबरा गया है। पाकिस्तान की गवर्नमेंट पाकिस्तान की स्टेट इस वक्त इस डर खौफ में है कि कहीं भारत जो है वो फिर पाकिस्तान का नाम नहीं ले ले। हिन्दुस्तान और पाकिस्तान के बीच में जो टेंशन है, हम कोशिश कर रहे थे, हम दुआ कर रहे थे कि कुछ कम हो लेकिन वो एक बार फिर बढ़ती हुई दिखाई दे रही है और असर है, वो यकीनन दोनों तरफ की जो मीडिया है उसपर साफ दिखाई देगा।"

पाकिस्तान ने अब तक दिल्ली धमाकों पर अफसोस नहीं जताया

पाकिस्तानी पत्रकार आरजू काजमी ने पाकिस्तान की शहबाज सरकार पर सवाल उठाए हैं। काजमी ने कहा है कि पाकिस्तान सरकार ने अब तक दिल्ली धमाकों पर अफसोस नहीं जताया है। ऐसे में शक की सुई पाकिस्तान की तरफ क्यों ना जाए। काजमी ने कहा- "पाकिस्तान की तरफ से अभी तक गवर्नमेंट की तरफ से कोई ऐसा स्टेटमेंट नहीं दिया गया है जिसमें अफ़सोस जताया गया हो। दिल्ली में जो अटैक हुआ है उसके ऊपर यकीनन पाकिस्तान के प्राइम मिनिस्टर को पाकिस्तान के स्टेट को फौरी तौर पर X के जरिये या किसी जरिये अफसोस का इजहार करना चाहिए था। इस तरह के Attacks पर जब तक आप ये नहीं जताएंगे कि आप इसमें शामिल नहीं हैं और आपको इस तरह की बातों में अफसोस है तो यकीनन दूसरी तरफ एक गलत मैसेज ही जाएगा। बहरहाल मासूम लोगों की जानें गई हैं और पाकिस्तान को इसके ऊपर ऑफिशियली जो है वो जरूर मैसेज देना चाहिए भारत को। ताकि उनको लगे कि हम उनके साथ हैं और हम इन चीज़ों को रोकने में भी उनके साथ हैं। लेकिन बहरहाल अब देखते हैं कि आपकी तरफ से क्या स्टेटमेंट आती है।"

अन्य पत्रकारों ने क्या कहा?

पाकिस्तान की एक और जर्नलिस्ट आलिया का कहना है कि पाकिस्तान में भी जब कोई वारदात होती है तो भारत पर इल्ज़ाम लगाया जाता है। तो फिर भारत, पाकिस्तान पर इल्जाम क्यों ना लगाए। दोनों तरफ से ऐसा ही तो होता आया है। आलिया ने कहा- "मैं देख रही थी कि क्या पाकिस्तान की तरफ से इसका कोई जवाब दिया जा रहा है या पाकिस्तान का मीडिया इसपर जवाब दे रहा है तो नहीं और जाहिर है कि प्रवक्ता इसपर तो उस वक़्त तक जवाब नहीं देंगे जब तक कि इंडिया की गवर्नमेंट की तरफ से या अथॉरिटी की तरफ ये नहीं कहा जाता कि भई इसके अंदर इसका हाथ है। पाकिस्तान के एक और जर्नलिस्ट साबिर शाकिर ने भी कहा है कि दिल्ली धमाकों का इल्ज़ाम पाकिस्तान पर ही आएगा।

पाकिस्तान में पैनिक क्यों?

दिल्ली में ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान में पैनिक बटन क्यों दब गया है? इसकी वजह है कि भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद साफ कर दिया था कि अब आतंकी हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी आतंकी हमले को भारत पर हमला माना जाएगा। इसका उसी तरह से जवाब दिया जाएगा। यही वजह है पाकिस्तानी मीडिया से लेकर पाकिस्तानी एक्सपर्ट तक घबराए हुए हैं। दिल्ली ब्लास्ट को लेकर सरकार कितनी सख्त है ये आज पीएम मोदी ने साफ कर दिया। पीएम मोदी ने कहा है कि इस ब्लास्ट की साजिश रचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

घबराहट की एक और खास वजह

पाकिस्तान में क्यों घबराहट मची है इसकी एक और वजह है कि इस वक्त पाकिस्तान बॉर्डर पर युद्ध की तैयारी चल रही है। पाकिस्तान बॉर्डर पर भारत के तोप गरज रहे हैं, विमान बम बरसा रहे हैं। जैसलमेर से लेकर सरक्रीक तक एक्सरसाइज त्रिशूल चल रहा है। इस ऑपरेशन के तहत आज मरु ज्वाला चल रही है जिसके तहत रेगिस्तान में टैंक और अपाचे हेलीकॉप्टर दुश्मन के ठिकानों को ध्वस्त करने का अभ्यास कर रहे हैं। कल अखंड प्रहार के तहत हाईवे लैंडिंग और ड्रोन हमले होंगे। पाकिस्तान को लग रहा है कि भारत के टैंक पहले से ही बॉर्डर पर हैं। ये कभी भी सीमा पार कर पाकिस्तान में घुस सकते हैं।

ये भी पढ़ें- दिल्ली ब्लास्ट पर भूटान में बोले प्रधानमंत्री मोदी, कहा- 'किसी भी साजिशकर्ता को बख्शा नहीं जाएगा...'

दिल्ली ब्लास्ट: इन 3 अहम फैक्टर्स पर आकर टिक गई हैं पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की निगाहें, आप भी जानिए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश