1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ट्रंप के 'बोर्ड ऑफ पीस' को मिली बड़ी सफलता, गाजा में हथियार छोड़ेंगे हमास और अन्य गुट, इजरायली सेना भी हटेगी

ट्रंप के 'बोर्ड ऑफ पीस' को मिली बड़ी सफलता, गाजा में हथियार छोड़ेंगे हमास और अन्य गुट, इजरायली सेना भी हटेगी

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Jul 31, 2026 12:22 pm IST,  Updated : Jul 31, 2026 01:28 pm IST

डोनाल्ड ट्रंप के 'बोर्ड ऑफ पीस' को बड़ी सफलता मिली है। जानकारी के मुताबिक, गाजा में शांति लाने के लिए योजना पर हमास ने हथियार छोड़ने का वादा किया है। इसके बाद इजरायली सेना ने भी गाजा से हटेगी।

trump board of Peace gaza hamas- India TV Hindi
गाजा में हथियार छोड़ेगा हमास। (फाइल फोटो) Image Source : AP

मध्य पूर्व में लंबे समय से संघर्ष का केंद्र रहे गाजा में शांति लाने की कोशिशों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा गठित किए गए 'बोर्ड ऑफ पीस' और मध्यस्थता करने वाले देशों- मिस्र, कतर, तुर्की और अमेरिका ने ऐलान किया है कि हमास ने गाजा पट्टी में अगले चरण के सीजफायर को लागू करने के लिए एक विस्तृत रोडमैप पर अपनी सहमति दे दी है। इस योजना में खास बात ये है कि पहली बार हमास ने आधिकारिक तौर पर अपने सभी हथियार छोड़ने के लिए एक व्यावहारिक योजना पर काम करने का वादा किया है। जानकारी दी गई है कि इसके बाद इजरायल भी अपनी सेना को गाजा पट्टी से हटा लेगा।

डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?

गाजा में शांति लाने के प्रयासों को लेकर मिली कामयाबी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- "आज, बोर्ड ऑफ पीस ने गाजा में हमास और अन्य सभी हथियारबंद गुटों के पूरी तरह से हथियार छोड़ने (डिसआर्मामेंट) के लिए एक ऐतिहासिक समझौता किया है। यह खबर गाजा में स्थायी शांति और सुरक्षा की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है। यह समझौता गाजा में एक नई फिलिस्तीनी सरकार के शासन की दिशा में एक अहम कदम है। ये नई सरकार फिलिस्तीन जनता की मदद के लिए बोर्ड ऑफ पीस के साथ मिलकर काम करेगी।"

कब सेना हटाएगा इजरायल?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल को लेकर भी बात की है। ट्रंप ने कहा- इजरायल को वह सुरक्षा मिलेगी जिसका वह हकदार है, क्योंकि गाजा का इस्तेमाल अब आतंकी हमलों के अड्डे के तौर पर नहीं किया जाएगा।" ट्रंप ने बताया है कि हमास का हथियार छोड़ने पर सहमति जताना गाजा के लिए 20-सूत्रीय प्लान को लागू करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। जैसे-जैसे हमास हथियार छोड़ेगा, इजरायल की सेना पीछे हट जाएगी। इसके बाद 'इंटरनेशनल स्टेबलाइजेशन फोर्स' गाजा को वहां के निवासियों और पड़ोसियों के लिए सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभाएगी। एक नई फिलिस्तीनी पुलिस फोर्स भी बनाई जाएगी जो कि इंटरनेशनल स्टेबलाइजेशन फोर्स के साथ मिलकर काम करेगी। आपको बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा को 'रिवेरा' में बदलने का प्रस्ताव पेश किया था। रिवेरा समुद्र तट पर बसे एक लोकप्रिय पर्यटन क्षेत्र को कहते हैं।

खतरे को दोबारा सिर नहीं उठाने देंगे- ट्रंप

ट्रंप ने कहा- एक साल पहले गाजा में हिंसक युद्ध और मानवीय संकट था। यहां इजरायली बंधकों को बेरहमी से कैद कर के रखा गया था। हमने ऐतिहासिक प्रगति की है और अभी भी बहुत काम करना बाकी है। 7 अक्टूबर को गाजा से पैदा हुए खतरे को दोबारा सिर नहीं उठाने दिया जाएगा। इस डील के तहत गाजा आखिर में एक ऐसी नई फिलिस्तीनी सरकार के हाथों में होगा जो अपने लोगों की सेवा करेगी।

ये भी पढ़ें- चीन पर पाकिस्तान के जरिए ईरान को 400 रॉकेट लॉन्चर भेजने का आरोप? डोनाल्ड ट्रंप बोले- 'ये हैरानी की बात होगी'

ईरान ने दागी बैलिस्टिक मिसाइल, बौखलाए ट्रंप ने धमकाया, बर्दाश्त नहीं करेंगे, सब खत्म कर देंगे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश