1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Israel Hezbollah War: हिजबुल्लाह ने इजरायल पर किया हमला, दनादन दागे रॉकेट

Israel Hezbollah War: हिजबुल्लाह ने इजरायल पर किया हमला, दनादन दागे रॉकेट

 Published : Oct 22, 2024 06:33 pm IST,  Updated : Oct 22, 2024 06:33 pm IST

हिजबुल्लाह ने इजरायल पर रॉकेट दागे हैं। इजरायल की सेना ने कहा कि रॉकेट को एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में नष्ट कर दिया, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

Israel Hezbollah War- India TV Hindi
Israel Hezbollah War Image Source : FILE AP

तेल अवीव: हिजबुल्लाह ने मंगलवार को मध्य इजराइल में कई रॉकेट दागे, जिससे देश के सबसे घनी आबादी वाले इलाकों में हवाई हमले के सायरन बजने लगे। हालांकि, इन हमलों में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। यह हमला गाजा युद्ध विराम वार्ता को फिर से शुरू करने के मिशन पर अमेरिकी विदेश मंत्री एंथनी ब्लिंकन के क्षेत्र में पहुंचने से कुछ घंटे पहले हुआ। 

क्या बोली इजरायल की सेना

इजरायली सेना ने कहा कि लेबनान से इजरायल में पांच रॉकेट दागे गए और इनमें से अधिकतर को इजरायल की मिसाइल रक्षा प्रणाली ने हवा में ही नष्ट कर दिया। एक रॉकेट खुले क्षेत्र में गिरा। रॉकेट हमले ऐसे समय में हुए हैं जब इजराइल ने लेबनान में हमले तेज करने के साथ ही हिजबुल्लाह द्वारा संचालित एक वित्तीय संस्थान को निशाना बनाया है तथा अमेरिका हमास नेता याह्या सिनवार की मौत के बाद गाजा में संघर्ष विराम वार्ता को फिर से शुरू करने पर जोर दे रहा है। 

हमास ने क्या कहा?

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास को खत्म करने और समूह द्वारा बंधक बनाए गए दर्जनों लोगों को मुक्त कराने का संकल्प लिया है। वहीं, हमास का कहना है कि वह स्थायी युद्ध विराम, गाजा से इजरायली सैनिकों की पूरी तरह वापसी और फलस्तीनी कैदियों की रिहाई के बदले में ही बंधकों को रिहा करेगा। 

हमास के आतंकियों ने किया था हमला

बता दें कि, पिछले साल सात अक्टूबर को हमास के आतंकियों ने इजरायल पर हमला किया था। इस आतंकी हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और 250 अन्य का अपहरण कर लिया गया था। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, गाजा में इजरायल के जवाबी हमले में 42,000 से ज्यादा फलस्तीनी मारे गए हैं। युद्ध से गाजा के ज्यादातर इलाके तबाह हो चुके हैं और इसकी 23 लाख की आबादी में से लगभग 90 प्रतिशत लोग विस्थापित हो गए हैं। (एपी)

यह भी पढ़ें:

बाज नहीं आ रहा चीन, ताइवान के खिलाफ फिर किया सैन्य अभ्यास; कर दी गोला बारूद की बरसात

Video: BRICS समिट के लिए जब कजान पहुंचे PM मोदी, रूसी लोगों ने कृष्ण भजन गाकर कुछ यूं किया स्वागत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश