1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारत ने म्यांमार के लिए बढ़ाई मदद, C-17 विमान भूकंप पीड़ितों के लिए लेकर पहुंचा 31 टन अतिरिक्त सामग्री

भारत ने म्यांमार के लिए बढ़ाई मदद, C-17 विमान भूकंप पीड़ितों के लिए लेकर पहुंचा 31 टन अतिरिक्त सामग्री

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Apr 06, 2025 04:29 pm IST,  Updated : Apr 06, 2025 04:29 pm IST

भारत ने म्यांमार के भूकंप पीड़ितों के लिए मदद का दायरा और बढ़ा दिया है। रविवार को भारतीय वायुसेना का विमान 31 टन की अतिरिक्त राहत सामग्री लेकर म्यांमार के लिए रवाना हुआ है।

म्यांमार के लिए भारत ने बढ़ाई मदद। - India TV Hindi
म्यांमार के लिए भारत ने बढ़ाई मदद। Image Source : X @INDIAINMYANMAR

नई दिल्ली/नेपीडॉ: भारत ने म्यांमार में आए भूकंप से प्रभावित लोगों की मदद का दायरा बढ़ा दिया है। रविवार को भारत ने म्यांमार भूकंप पीड़ितों के लिए 31 टन और राहत सामग्री भेजी है। इसमें भारतीय सेना के ‘फील्ड अस्पताल’ के लिए जरूरी सामान भी शामिल है। यह सहायता ‘सी-17 ग्लोबमास्टर’ से भेजी गई। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विमान ने रविवार सुबह गाजियाबाद के हिंडन वायुसेना स्टेशन से उड़ान भरी।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया और कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘‘ ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ के तहत सी-17 विमान 31 टन मानवीय सहायता के साथ मांडले के लिए रवाना हुआ, जिसमें भारतीय सेना की फील्ड अस्पताल इकाई के लिए जरूरी सामान भी शामिल है।’’ पिछले सप्ताह म्यांमा में 7.7 तीव्रता का भूकंप आने से 3,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई।

म्यांमार को भारत ने सैकड़ों टन अनाज भी भेजा

भारत ने म्यांमार के भूकंप पीड़ितों के लिए दवाइयों, कपड़ों के अलावा सैकड़ों टन अनाज भी भेजा है। ताकि भूकंप पीड़ितों को भुखमरी से बचाया जा सके। बता दें कि भारत ने भूकंप से हुई तबाही के बाद ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ नाम से राहत अभियान शुरू किया था। इस बीच, भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि 405 टन चावल सहित 442 टन राहत सामग्री लेकर ‘आईएनएस घड़ियाल’ शनिवार सुबह यांगून पहुंच गया। उन्होंने कहा कि भारतीय राजदूत अभय ठाकुर ने राहत सामग्री यांगून क्षेत्र के मुख्यमंत्री यू सोई थीन को सौंपी। इससे पीड़ितों को राहत मिलेगी।  (भाषा) 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश