1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान ने 72 घंटे में दूसरी बार की दिल्ली आतंकवादी घटना की कड़ी निंदा, पाकिस्तान से अमेरिका तक को पहुंचा कड़ा संदेश

ईरान ने 72 घंटे में दूसरी बार की दिल्ली आतंकवादी घटना की कड़ी निंदा, पाकिस्तान से अमेरिका तक को पहुंचा कड़ा संदेश

 Written By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Nov 13, 2025 11:27 pm IST,  Updated : Nov 13, 2025 11:27 pm IST

भारत के जिगरी दोस्त ईरान ने दिल्ली में हुई आतंकवादी घटना की कड़ी निंदा की है। साथ ही आतंकवाद के सभी प्रारूपों के खिलाफ भारत के प्रति अपनी एकजुटता जाहिर की है।

अयातुल्ला अली खामेनेई, ईरान के सुप्रीम लीडर।- India TV Hindi
अयातुल्ला अली खामेनेई, ईरान के सुप्रीम लीडर। Image Source : AP

Delhi Blast: राजधानी दिल्ली में 10 नवंबर की शाम हुए भीषण आतंकवादी विस्फोट को लेकर ईरान ने 72 घंटे पर दूसरी बार सख्त प्रतिक्रिया दी है। ईरान ने दिल्ली ब्लास्ट को आतंकवादी हमला करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। ईरान का यह सख्त संदेश ईरान से लेकर अमेरिका तक के लिए कड़ा संदेश है। साथ ही ईरान और भारत की मजबूत दोस्ती का प्रतीक भी है। 

ईरान ने दिल्ली हमले के बाद दी थी ये प्रतिक्रिया

भारत स्थित ईरानी दूतावास ने सोमवार को दिल्ली में हुए हमले पर अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा था कि, "इस्लामी गणराज्य ईरान का भारत स्थित दूतावास दिल्ली में हुए कार विस्फोट की घटना में कई भारतीय नागरिकों की मौत होने और घायल होने पर गहरा दुःख व्यक्त करता है। साथ ही भारत की सरकार एवं जनता के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। दूतावास पीड़ितों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति भी अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है और उनके लिए धैर्य एवं सांत्वना की कामना करता है, साथ ही इस दुखद घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है।"


72 घंटे में दूसरी बार दी तीखी प्रतिक्रिया

ईरान ने दिल्ली हमले के बाद 72 घंटे के भीतर अपनी दूसरी प्रतिक्रिया भी दी। इस बार ईरान की प्रतिक्रिया काफी सख्त और संदेशात्मक रही। ईरान ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, "भारत स्थित इस्लामी गणराज्य ईरान का दूतावास एक बार फिर नई दिल्ली के लालकिला क्षेत्र के पास हुए आतंकवादी कार विस्फोट में मारे गए लोगों के परिवारों और सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है और इस दुखद घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है। दूतावास सभी प्रकार के आतंकवाद की कड़ी निंदा करता है।" 

 

 

पाकिस्तान और अमेरिका के लिए क्यों खास है ईरान की सख्त प्रतिक्रिया 

नई दिल्ली में हुए आतंकवादी हमले पर ईरान की 72 घंटे में 2 बार दी गई प्रतिक्रिया रणनीतिक और कूटनीतिक रूप से पाकिस्तान और अमेरिका दोनों के लिए कड़ा संदेश है। ईरान ने दूसरी बार दी गई प्रतिक्रिया में इस हमले को आतंकवादी करार देते हुए इसकी सभी स्वरूपों की सख्त निंदा की है। जबकि पाकिस्तानी मंत्री इसे सिलिंडर ब्लास्ट बता रहे थे। ऐसे में ईरान की यह प्रतिक्रिया पाकिस्तान के लिए बड़ा संदेश है। वहीं अमेरिका के लिए भी ईरान का ये रिएक्शन एक सख्त कूटनीतिक संदेश है, क्योंकि अमेरिका ने नई दिल्ली पर हुए हमले पर अपना रिएक्शन पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हुए विस्फोट के बाद दिया। जबकि दिल्ली में हमला 10 नवंबर को और पाकिस्तान में 11 नवंबर को हुआ था। ऐसे में ईरान का यह संदेश भारत के साथ आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता दिखाता है। 

यह भी पढ़ें

दिल्ली ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ का बड़बोला बयान, कहा-"भारत से युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार"

Pakistan:न्यायपालिका और सरकार में चरम पर तकरार, CDF बिल पर राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद सुप्रीम कोर्ट के 2 जजों का इस्तीफा
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश