अबू धाबी: मध्य पूर्व में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच में जारी जंग दिन-ब-दिन खतरनाक होती जा रही है। कतर में हमले के एक दिन बाद अब ईरान के निशाने पर अबू धाबी आ गया है। अबू धाबी मीडिया ऑफिस ने बताया कि हबशान गैस फैसिलिटी को पूरी तरह बंद कर दिया गया है, क्योंकि इसमें हाल ही में इंटरसेप्ट की गई मिसाइल के टुकड़े बिखर गए थे। अधिकारियों ने बाब ऑयल फील्ड और गैस फैसिलिटी पर भी तुरंत काम शुरू कर दिया है। मीडिया ऑफिस ने कहा, 'गैस फैसिलिटी का काम रोक दिया गया है और किसी को चोट नहीं आई है।'
Related Stories
ईरान कर रहा जवाबी कार्रवाई
दूसरी ओर अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद ईरान और उसके सहयोगी लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं। प्रेस टीवी के अनुसार ईरानी सशस्त्र बल और क्षेत्रीय प्रतिरोधी समूह अमेरिका और इजरायल को निशाना बना रहे हैं। बुधवार 18 मार्च को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर और ईरानी सेना ने 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4' के तहत कई हमले किए। प्रेस टीवी ने बताया कि ऑपरेशन शुरू होने के बाद अब तक 63 वेव्स में मिसाइल और ड्रोन से हमले किए गए। इनमें इजरायल के कब्जे वाले इलाकों में सैन्य ठिकानों और पूरे पश्चिम एशिया में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया गया।
कतर में हुआ है भारी नुकसान
बता दें कि बुधवार की रात खाड़ी क्षेत्र में तेल और गैस फील्ड पर जबरदस्त अटैक हुआ है। कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में ईरानी हमले की वजह से आग लग गई। कतर के इंटीरियर मिनिस्ट्री ने बताया कि सिविल डिफेंस की टीमें 'ईरानी हमले' के बाद आग बुझाने में लगी हैं। कतर एनर्जी कंपनी ने कन्फर्म किया, 'रास लाफान पर मिसाइलें गिरी हैं, काफी नुकसान हुआ है। इमरजेंसी टीमें तुरंत पहुंचीं, आग पर काबू पाया जा रहा है। सभी स्टाफ सुरक्षित हैं, कोई हताहत नहीं हुआ है।' सऊदी अरब के ऊपर भी हवाई हमला हुआ था लेकिन उसे इंटरसेप्ट कर लिया गया।