दीर अल-बलाह (गाजा): अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 20 सूत्रीय गाजा शांति योजना के बीच इजरायल ने बृहस्पतिवार को गाजा पट्टी पर फिर एक बड़ा हवाई हमला कर दिया। नासिर अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार गाजा में बुधवार रात से बृहस्पतिवार तक इजरायली हमलों और गोलीबारी में कम से कम 40 फिलस्तीनी मारे गए। वहीं दक्षिणी गाजा में कम से कम 27 लोग मारे गए। इन अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 14 लोग एक इजरायली सैन्य गलियारे में मारे गए, जो मानवीय सहायता वितरण के दौरान अक्सर निशाना बनता रहा है।
मध्य गाजा में भी बरसी मौत
मध्य गाजा के दीर अल-बलाह में स्थित अल-अक्सा शहीद अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि इजरायली हमलों में यहां 13 लोग मारे गए हैं। वहीं, गाजा शहर के शिफा अस्पताल के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि उन्हें एक शव मिला है और कई घायल अस्पताल में भर्ती हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल के कर्मचारियों को अस्पताल तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है, क्योंकि इजरायल शहर पर कब्जा करने के लिए बड़ा हमला कर रहा है।
ट्रंप ने पेश की है गाजा शांति योजना
इस बीच, हमास अब भी लगभग दो साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। इस योजना के तहत, हमास को 48 बंधकों को वापस करना होगा, जिनमें से लगभग 20 बंधकों को इजराइल जीवित मानता है। इसके बदले में सैकड़ों फलस्तीनी कैदियों को रिहा किया जाएगा। योजना में यह भी कहा गया है कि हमास को सत्ता छोड़नी होगी और हथियार डालने होंगे। हालांकि, इस प्रस्ताव में फलस्तीनी राष्ट्र की स्थापना का कोई उल्लेख नहीं किया गया है।
नेतन्याहू को स्वीकार है ट्रंप का प्रस्ताव
इस प्रस्ताव को इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने स्वीकार कर लिया है। हालांकि, कई लोग इसे इजराइल के पक्ष में मानते हैं, जबकि फिलस्तीनी युद्ध के अंत की उम्मीद कर रहे हैं। हमास के एक अधिकारी ने एसोसिएटेड प्रेस से बात करते हुए कहा कि कुछ बिंदु अस्वीकार्य हैं, लेकिन उन्होंने इन बिंदुओं के बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया। अधिकारी ने बुधवार को कहा कि ट्रंप और नेतन्याहू की सहमति से भेजे गए इस प्रस्ताव के कुछ हिस्सों को अस्वीकार किया गया है और उनमें संशोधन की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी बताया कि आधिकारिक प्रतिक्रिया अन्य फिलस्तीनी गुटों के साथ विचार-विमर्श के बाद दी जाएगी। (एपी)