1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजरायल ने फिर लगाया अड़ंगा, गाजा में सहायता सामग्री ले रहे जहाज को रोका; जानें और क्या किया

इजरायल ने फिर लगाया अड़ंगा, गाजा में सहायता सामग्री ले रहे जहाज को रोका; जानें और क्या किया

 Published : Jul 27, 2025 04:32 pm IST,  Updated : Jul 27, 2025 05:02 pm IST

इजरायली सेना ने गाजा में राहत सहायता ले रहे एक जहाज को समंदर में ही रोक लिया है। जहाज का संचालन करने वाले समूह ने कहा है कि इजरायल ने जहाज को बल प्रयोग कर रोका है।

इजरायली सेना ने गाजा में राहत सहायता ले रहे जहाज को रोका- India TV Hindi
इजरायली सेना ने गाजा में राहत सहायता ले रहे जहाज को रोका Image Source : AP

तेल अवीव: इजरायली सेना ने फलस्तीनी क्षेत्र की नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर गाजा जाने वाले एक राहत सहायता जहाज को रोक लिया है। इस दौरान सेना ने 21 मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को भी हिरासत में ले लिया है। फलस्तीन समर्थक समूह ‘फ्रीडम फ्लोटिला कोलेशन’ ने रविवार को इस बारे में जानकारी दी है। समूह ने बताया कि इजरायली सेना ने जहाज पर लदे शिशु उपयोग के लिए दूध, खाद्य सामग्री और दवा सहित सभी माल को जब्त कर लिया है। 

'इजरायली सेना ने किया बल का प्रयोग'

जहाज ‘हंडाला’ का संचालन करने वाले समूह ने कहा कि इजरायली सेना ने शनिवार आधी रात से ठीक पहले गाजा से लगभग 40 समुद्री मील दूर अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में जहाज को ‘बल प्रयोग कर रोका’ और इसके संचार नेटवर्क को काट दिया। समूह ने एक बयान में कहा, ‘‘जहाज पर लदा पूरा माल गैर-सैन्य उपयोग के लिए था, यह इजरायल की अवैध नाकेबंदी के कारण भुखमरी और चिकित्सा संकट से जूझ रही आबादी को सीधे वितरित करने के लिए था।’’ 

इजरायल के विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

इजरायल के विदेश मंत्रालय ने रविवार तड़के ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि नौसेना ने जहाज को रोक लिया और उसे तट पर ला रही है। समूह की ओर से संचालित यह दूसरा जहाज है जिसे इजरायल ने हाल के महीनों में गाजा में राहत सहायता पहुंचाने से रोका है, जहां खाद्य विशेषज्ञ महीनों से अकाल के खतरे की चेतावनी दे रहे हैं। 

गाजा में बिगड़ रहे हैं हालात

जहाज को ऐसे समय में रोका गया है जब इजरायल को गाजा में बिगड़ती मानवीय स्थिति को लेकर अंतरराष्ट्रीय आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। राहत सहायता पर इजरायली प्रतिबंधों के चलते इस क्षेत्र में बढ़ती भुखमरी को लेकर चिंता बढ़ रही है। एक क्षेत्रीय मानवाधिकार समूह, अदालाह ने बताया कि जहाज को रोका जाना अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। इसने जहाज पर हिरासत में लिये गए लोगों को तत्काल रिहा करने की मांग की। 

'जहाज ने इजरायली जल क्षेत्र में प्रवेश नहीं किया'

अदालाह ने एक बयान में कहा, ‘‘इस जहाज ने कभी भी इजरायली जल क्षेत्र में प्रवेश नहीं किया था, ना ही ऐसा करने का इरादा था। यह फलस्तीन के जलक्षेत्र की ओर बढ़ रहा था, जैसा कि अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत मान्यता प्राप्त है।’’ इसने कहा, ‘‘जिस अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र से जहाज गुजर रहा था, उस पर इजरायल का कोई कानूनी अधिकार या क्षेत्राधिकार नहीं है।’’ (एपी)

यह भी पढ़ें:

IS समर्थित विद्रोहियों ने पूर्वी कांगो में चर्च पर किया हमला, 21 लोगों को मार डाला

Russia Ukraine War: यूक्रेन ने किया पलटवार, रूस पर कर दी घातक ड्रोन स्ट्राइक; मचाई तबाही

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश