तेल अवीव: इजरायल ने मंगलवार को ईरान पर बड़ा हमला करते हुए 8 पुलों को ध्वस्त कर दिया है। इन हमलों के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि इजरायली सेना ईरान के 'आतंकी शासन को कुचल रही है।' नेतन्याहू ने अपने संबोधन में कहा कि इजरायल डिफेंस फोर्सेज ईरान के रणनीतिक ठिकानों पर 'और ज्यादा ताकत और तेजी से' हमले कर रही है। बता दें कि इजरायल ने ईरान के कई अहम पुलों और रेल नेटवर्क पर हमला किया है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
Related Stories
'इजरायली सेना ने नष्ट किए दर्जनों हेलीकॉप्टर'
नेतन्याहू ने बताया कि हाल ही में इजरायली विमानों ने ईरानी एयरफोर्स के एक बेस पर हमला कर वहां मौजूद ट्रांसपोर्ट प्लेन और दर्जनों हेलीकॉप्टर नष्ट कर दिए। इसके बाद सेना ने ईरान के पुलों और रेलवे ट्रैक को निशाना बनाया, जिनका इस्तेमाल ईरान की सेना हथियार, कच्चा माल और अपने लड़ाकों को ले जाने के लिए करती है। नेतन्याहू ने कहा, 'हम लगातार कह रहे हैं कि हम ईरान के आतंकी शासन को कुचल रहे हैं और अब इसे और ज्यादा ताकत के साथ कर रहे हैं। हमारे हमले ईरान की जनता के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि उस शासन के खिलाफ हैं जिसने 47 साल से उन्हें दबा रखा है।'
तेहरान समेत कई शहरों के पुल बने निशाना
बता दें कि इजरायल की सेना ने दावा किया है कि उसने ईरान में कुल 8 अहम पुलों को निशाना बनाया है। ये पुल तेहरान, करज, तबरीज, काशान और क़ोम जैसे शहरों में स्थित हैं। इन पुलों का इस्तेमाल सैन्य उपकरण और हथियारों की आवाजाही के लिए किया जा रहा था। IDF के मुताबिक, हमले से पहले नागरिकों को नुकसान से बचाने के लिए कई सावधानियां बरती गईं। इजरायली सेना ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें मिसाइल के कैमरे से हमले के अंतिम क्षण दिखाए गए हैं। सेना का दावा है कि अब तक ईरान के 130 से ज्यादा एयर डिफेंस सिस्टम नष्ट किए जा चुके हैं।
हमलों से ईरान के कुछ इलाकों में बिजली ठप
अमेरिका और इजरायल के हमलों का असर अब जमीन पर भी दिखने लगा है। करज शहर के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, क्योंकि हमले के दौरान ट्रांसमिशन लाइन क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, काशान में एक अहम रेलवे ब्रिज याह्या आबाद को भी निशाना बनाया गया, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ है। इस्फहान प्रांत में हुए एक हमले में 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बता दें कि हमले से पहले इजरायली सेना ने ईरान के नागरिकों को चेतावनी देते हुए कहा था कि वे अपनी सुरक्षा के लिए स्थानीय समय के अनुसार रात 9 बजे तक ट्रेन का इस्तेमाल न करें।