1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. जापान में महाविनाश की भविष्यवाणी, लोगों में मची हुई है हलचल

जापान में महाविनाश की भविष्यवाणी, लोगों में मची हुई है हलचल

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Jul 02, 2025 05:39 pm IST,  Updated : Jul 02, 2025 05:47 pm IST

जापान में इस समय अजब ही माहौल देखने को मिल रहा है। पांच जुलाई की भविष्‍यवाणी को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती ही जा रही है। जापानी बाबा वेंगा कहे जाने वाले रियो तात्सुकी ने भविष्‍यवाणी की है कि इस दिन जापान में भीषण तबाही होगी।

जापान में महाविनाश की भविष्यवाणी (सांकेतिक तस्वीर)- India TV Hindi
जापान में महाविनाश की भविष्यवाणी (सांकेतिक तस्वीर) Image Source : AP

Japan Destruction Prediction: जापान के लोग 5 जुलाई 2025 को लेकर अपनी सांस रोके हुए हैं। जापान में इस दिन को लेकर हर जगह चर्चा हो रही है। इसके पीछे की वजह है एक जापानी कलाकार और मनोवैज्ञानिक की भविष्यवाणी। इस शख्स ने भविष्यवाणी की है कि 5 जुलाई 2025 को जापान में एक बड़ी आपदा आएगी। अब इस भविष्यवाणी को लेकर जापान में अजब सी स्थिति बन गई है। हालात यह हैं कि लोग डरे हुए हैं और कहीं आने-जाने से भी कतरा रहे हैं। 

किसने की है भविष्यवाणी?

भविष्यवाणी करने वाले जापानी कलाकार और मनोवैज्ञानिक का नाम रियो तात्सुकी है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगा आर्टिस्ट रियो तात्सुकी की तुलना नेत्रहीन बुल्गेरियाई भविष्यवक्ता बाबा वेंगा से की जाती है। ऐसा इसलिए है क्योंकि माना जाता है कि बाबा वेंगा ने वैश्विक घटनाओं की बेहद सटीक भविष्यवाणियां की हैं। इन  भविष्यवाणियों मे फ्रेडी मर्करी और राजकुमारी डायना की मृत्यु से लेकर 2020 की कोविड 19 महामारी तक सबकुछ शामिल है। 

जापान में लोग कर रहे हैं भविष्यवाणी की चर्चा

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, रियो की सबसे अधिक बिकने वाली ग्राफिक कॉमिक (मंगा) "द फ्यूचर आई सॉ" के 2021 संस्करण में रियो तात्सुकी की सबसे लेटेस्ट भविष्यवाणी का जिक्र किया गया है। इसमें तात्सुकी ने 5 जुलाई 2025 को जापान में विनाशकारी आपदा आने का इशारा किया है। ब्लूमबर्ग के अनुसार, जापान में अब यह तारीख गंभीर चर्चा का विषय बन गई है। देश भर के कैफे, बार और सार्वजनिक स्थानों में इसे लेकर चर्चा हो रही है। इसके साथ ही सोशल में भविष्यवाणी से जुड़े संदेश तेजी से फ्लोट हो रहे हैं।

जापान के समुद्र तट पर पुलिसकर्मी
Image Source : APजापान के समुद्र तट पर पुलिसकर्मी

पहले सच हो चुकी है भविष्यवाणी

सबसे खास बात यह है कि यह भविष्यवाणी बिलकुल वैसी ही है जो तात्सुकी ने  1999 की इसी ग्राफिक कॉमिक के पहले संस्करण में की थी। उस वक्त भी तात्सुकी ने मार्च 2011 में जापान में एक विनाशकारी आपदा आने की चेतावनी दी थी। यह वही तारीख है जब जापान में भूकंप और सुनामी आई थी। इस आपदा में 18,000 से अधिक लोग मारे गए थे। अब ऐसे समय में जापान में रहने वाले कई लोग तात्सुकी की नई भविष्यवाणी पर काफी हद तक भरोसा भी कर रहे हैं।

प्रभावित हो रही है जापान की अर्थव्यवस्था

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, जापान को लेकर की गई भविष्यवाणी का प्रभाव पर्यटन क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। भविष्यवाणी के बाद दक्षिण कोरिया, ताइवान और हांगकांग जैसे देशों से जापान के लिए फ्लाइट बुकिंग में गिरावट देखने को मिली है। हांगकांग से होटल और फ्लाइट बुकिंग में पिछले वर्ष की तुलना में 50 फीसदी की गिरावट आई है। जून के अंत और जुलाई की शुरुआत में यात्राओं की बुकिंग में 83 प्रतिशत की गिरावट आई है।

'भविष्यवाणी को करें नजरअंदाज'  

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि "ऐसी किसी भी भविष्यवाणी को अविश्वसनीय माना जाना चाहिए।" जापान के अधिकारियों ने भी लोगों से अफवाहों को नजरअंदाज करने की अपील की है। मियागी प्रान्त के गवर्नर योशीहिरो मुराई ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अगर सोशल मीडिया पर अफवाहों के फैलने से पर्यटन पर असर पड़ता है तो यह एक बड़ी समस्या होगी। उन्होंने कहा कि लोग अफवाहों पर ध्यान नहीं देंगे और यात्रा करेंगे।

जापान में आई सुनामी (सांकेतिक तस्वीर)
Image Source : APजापान में आई सुनामी (सांकेतिक तस्वीर)

सोशल मीडिया पर दिख रही मिलीजुली प्रतिक्रिया

जापान में भविष्यवाणी को लेकर सोशल मीडिया पर हर तरह रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं। कोई इसे लेकर मजाक कर रहा है तो कोई तात्सुकी पर सवालों की बौछार कर रहा है। कई लोग ऐसे भी हैं जो भविष्यवाणी को लेकर सतर्क हैं और एहतियात बरत रहे हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा, "अगर वह इस बारे में सही हैं तो मैं उस पर विश्वास करूंगा।" एक अन्य ने कहा ग्राफिक कॉमिक के नवीनतम संस्करण की एक मिलियन से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। अब तात्सुकी की प्रतिष्ठा उनकी भविष्यवाणी पर टिकी हुई है। एक शख्स ने कहा शनिवार को कुछ ना होने पर कई लोग शर्मिंदा महसूस कर सकते हैं। एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने कहा, ''आपदा के लिए तैयार रहें।''

यह भी पढ़ें:

पुर्तगाल में भीषण गर्मी के बीच समुद्र तट पर दिखा आया हैरान करने वाला नजारा, देखें VIDEO

बेटी को बचाने के लिए पिता ने समंदर में लगा दी छलांग, लोग बोले 'HERO DAD'; देखें VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश