1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'टॉप कमांडर्स की शहादत से हमारे लड़ाकों के कदम नहीं डगमगाने वाले', ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई ने जारी किया बयान

'टॉप कमांडर्स की शहादत से हमारे लड़ाकों के कदम नहीं डगमगाने वाले', ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई ने जारी किया बयान

 Published : Apr 07, 2026 08:57 am IST,  Updated : Apr 07, 2026 09:33 am IST

ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई ने देश के टॉप सैन्य कमांडर्स की हत्या के बावजूद लड़ाकों के मनोबल को अडिग बताया है। उन्होंने कहा कि ईरान की सशस्त्र सेनाएं और जिहादी विचारधारा से जुड़े लड़ाके किसी भी हाल में कमजोर नहीं पड़ेगे।

Mojtaba Khamenei- India TV Hindi
मुज्तबा खामेनेई Image Source : AP

तेहरान: ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई ने कहा है कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के टॉप कमांडर्स की हत्या के बावजूद देश की सैन्य ताकत और लड़ाकों का हौसला कमजोर नहीं होगा।  हमारे लड़ाके इन टॉप कमांडर्स की शहादत से नहीं डगमगाएंगे और दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देंगे। सीएनएन की खबर के मुताबिक उन्होंने यह बयान सोमवार को IRGC के वरिष्ठ अधिकारी मेजर जनरल माजिद खादेमी की हत्या के बाद जारी किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान के लड़ाकों और सशस्त्र बलों की एकजुटता इतनी मजबूत है कि आतंकवाद और अपराध उनके संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते।

हमारे मजबूत मोर्चे को कोई दरका नहीं सकता

खामेनेई ने एक लिखित बयान जारी कर कहा कि खादेमी ने दशकों तक खुफिया और रक्षा के क्षेत्र में अटूट सेवा की। उन्होंने जोर देकर कहा-"इस्लामी ईरान के योद्धाओं की अटूट कतारें और आत्म-बलिदान करने वाले सशस्त्र बल एक ऐसा गहरा और मजबूत मोर्चा हैं, जिसे आतंकवाद और अपराध दरका भी नहीं सकते। जिहादी आदर्शों के प्रति हमारा संकल्प अडिग है।"

खादेमी की मौत की पुष्टि तेहरान और इजरायल दोनों ने की है। इजरायली रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने खादेमी की हत्या की पुष्टि करते हुए उन्हें इज़रायली नागरिकों की मौत के लिए जिम्मेदार बताया। वहीं इज़राइली सेना ने दावा किया है कि उसने कुद्स फोर्स की स्पेशल ऑपरेशंस यूनिट के कमांडर असगर बघेरी को भी मार गिराया है, हालांकि इस पर तेहरान की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

ईरान- अमेरिका-इजरायल संघर्ष चरम पर

यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान और इज़राइल के बीच तनाव चरम पर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरवरी के अंत से जारी संघर्ष के दौरान इज़रायल ने ईरान के कई वरिष्ठ राजनेताओं और सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाया है। इसके बाद भी ईरान घुटने नहीं टेक रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति द्वारा लगातार बातचीत और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने के लिए समय सीमा दी जा रही है लेकिन ईरान की ओर अभी तक कोई ग्रीन सिग्नल नहीं मिला है। अमेरिका की ओर से डील के लिए किए जा रहे प्रस्तावों को खारिज किए जाने से ट्रंप भी काफी खफा हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका चाहे तो एक रात में ईरान को बर्बाद कर देगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश