1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. म्यांमार में भूकंप से मरने वालों का बढ़ रहा आंकड़ा, अब तक 2700 लोगों की हो चुकी है मौत

म्यांमार में भूकंप से मरने वालों का बढ़ रहा आंकड़ा, अब तक 2700 लोगों की हो चुकी है मौत

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Apr 01, 2025 04:26 pm IST,  Updated : Apr 01, 2025 05:36 pm IST

म्यांमार में भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। अब तक 2700 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। राहत और बचाव का काम जारी है। मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।

म्यांमार में भूकंप- India TV Hindi
म्यांमार में भूकंप Image Source : AP

Myanmar Earthquake: म्यांमार में पिछले सप्ताह आए विनाशकारी भूकंप में मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। बचाव कार्य लगातारी जारी है। भूकंप के चलते ढही इमारतों से शव निकलने का सिलसिला जारी है। भूकंप की चपेट में आने से अब तक यहां 2700 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हजारों की संख्या में लोग घायल हुए हैं।

भूकंप से मच गई है तबाही

म्यांमार में 28 मार्च 2025 को 7.7 तीव्रता के भूकंप के झटके लगे थे। इसके बाद 6.4 तीव्रता के भी झटके महसूस हुए। भूकंप का केंद्र म्यांमार के मध्य सागाइंग क्षेत्र में स्थित था, जो ऐतिहासिक शहर मांडले के पास है। मांडले में कई इमारतें, पुल और मंदिर नष्ट हो गए हैं या क्षतिग्रस्त हुए हैं। भूकंप के चलते बुनियादी ढांचे, सड़कें और रिहायशी इमारतों को भारी नुकसान हुआ। 

कई इलाकों से टूटा संपर्क

म्यांमार में आया भूकंप देश में एक सदी से भी अधिक समय में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप था। हालात ऐसे हैं कि बचाव दल प्रभावित लोगों तक पहुंचने में नाकाम हो रहे हैं। खासतौर पर उन इलाकों में जहां इरावदी नदी पर एक प्रमुख पुल के ढह जाने से संपर्क टूट गया है। माना जा रहा है कि मृतकों की सही संख्या सामने आने में कई सप्ताह लग सकते हैं।

कैसे हैं हालात

म्यांमार में भूकंप के बाद मलबे में दबी लाशों की भीषण दुर्गंध चारों ओर फैल गई है। महामारी फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। जैसे-जैसे वक्त बीत रहा है मलबे में दबे लोगों के जीवित मिलने की उम्मीदें कम होती जा रही हैं। भारत से भी कई टीमें म्यांमार में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने और घायलों के इलाज के लिए पहुंच चुकी हैं। हालात यह हैं कि अस्पतालों में जगह कम पड़ गई है और सड़कों पर अस्थायी तरीके से मरीजों का इलाज किया जा रहा है। 

यह भी पढ़ें:

हूतियों ने दिया अमेरिका को तगड़ा झटका, MQ9 Reaper ड्रोन मार गिराने का किया दावा

एलन मस्‍क के 13वें बच्चे को लेकर बढ़ा विवाद, बोले 'पता नहीं उनका है भी या नहीं'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश