1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Nepal Protest: नेपाल में तख्तापलट, ओली भागे तो कौन बनेगा नया पीएम? नाम सुनकर होंगे हैरान

Nepal Protest: नेपाल में तख्तापलट, ओली भागे तो कौन बनेगा नया पीएम? नाम सुनकर होंगे हैरान

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Sep 09, 2025 10:57 pm IST,  Updated : Sep 09, 2025 10:57 pm IST

नेपाल में सोशल मीडिया को बैन करना ओली सरकार को काफी महंगा पड़ा। देश में तख्तापलट के बाद अब सत्ता की कमान सेना ने संभाल ली है। अब नेपाल का अगला पीएम कौन होगा? इसे लेकर कई तरह के कयास लग रहे हैं और एक नाम सबसे आगे है, जानें कौन है वो...

कौन होगा नेपाल का अगला पीएम- India TV Hindi
कौन होगा नेपाल का अगला पीएम Image Source : SOCIAL MEDIA

नेपाल में सोशल मीडिया पर लगे बैन को लेकर युवाओं के विरोध प्रदर्शन की हिंसक तस्वीरों ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। इस प्रदर्शन से पूरे साउथ एशिया में भूचाल आ गया है, इसके बाद नेपाल के प्रधानमंत्री ने इस्तीफा दे दिया, फिर देश के राष्ट्रपति ने भी इस्तीफा दे दिया। अब देश की सत्ता सेना के हाथों में है। नेपाल के वित्त मंत्री को बीच सड़क पर दौड़ा दौड़ा कर पीटा गया, विदेश मंत्री को उनके घर में घुसकर लात घूंसों से मारा गया। प्रदर्शनकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के घर में घुसकर उन्हें पीट पीटकर लहू लुहान कर दिया। एक दूसरे पूर्व पीएम की पत्नी को ज़िन्दा जला दिया।

इसके बाद नेपाल के राष्ट्रपति भवन में, संसद भवन में, सुप्रीम कोर्ट की बिल्डिंग में भी आग लगा दी गई। ज़्यादातर इमारतों को फूंक दिया गया। नेपाल के कई मंत्री और कई पूर्व प्रधानमंत्री इस वक्त जान बचाकर मारे मारे फिर रहे हैं। खुद पीएम केपी शर्मा ओली कहां हैं, ये भी किसी को पता नहीं। इस वक्त नेपाल में सब कुछ आर्मी के हाथ में चला गया है। सिर्फ 48 घंटे में नेपाल जैसा मुल्क बर्बाद हो गया, तबाह हो गया। चारों तरफ अराजकता फैली हुई है। शहर के शहर धूं धूं कर जल रहे हैं। इस बीच सबसे बड़ा सवाल ये है कि अब अगला पीएम कौन होगा, क्या बालेंद्र शाह नेपाल के नए प्रधानमंत्री बनेंगे। जानें हम ऐसा क्यों कह रहे हैं?

 

जेन जी की रैली पर क्या कहा बलेन शाह ने?

नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के इस्तीफ़ा देने के बाद अब कौन अगला पीएम बनेगा, इस सवाल के जवाब में अब सबकी निगाहें काठमांडू के मेयर बालेंद्र शाह, जिन्हें बलेन के नाम से जाना जाता है, उनपर टिकी हैं। इसकी एक खास वजह भी है, क्योंकि सोशल मीडिया पर उन्हें लोग नेतृत्व संभालने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

रैपर से राजनेता बने काठमांडू के मेयर बलेन शाह ने अपने एक फ़ेसबुक पोस्ट में, लिखा कि हालांकि आयोजकों द्वारा निर्धारित आयु सीमा के कारण वे इसमें शामिल नहीं हो सके, क्योंकि आयोजकों ने जेनरेशन ज़ेड की आयु 28 वर्ष से कम बताई थी, इसके लिए मैं बूढ़ा लग सकता हूं, लेकिन मेरा मानना ​​है कि उन सबकी आवाज़ सुनना ज़रूरी है। मैं उनकी आकांक्षाओं, उद्देश्यों और सोच को समझना चाहता हूं। राजनीतिक दलों, नेताओं, कार्यकर्ताओं, सांसदों और प्रचारकों को इस रैली का इस्तेमाल अपने हितों को साधने के लिए नहीं करना चाहिए। मेरा पूरा समर्थन" युवाओं के साथ है।"

क्या बालेंद्र शाह नेपाल के प्रधानमंत्री बनेंगे?

सोमवार देर रात, जब सरकार ने सोशल मीडिया पर लगे प्रतिबंध को वापस ले लिया, तो ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म पर भी आक्रोश फैल गया और बालेंद्र शाह जल्द ही एक ट्रेंडिंग हस्ती बन गए। एक्स पर एक उपयोगकर्ता ने लिखा, "बलेन दाई, नेतृत्व संभालो।" एक अन्य यूजर ने लिखा, "बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल के बीच अंतर यह है कि हमारे बीच एक संभावित प्रधानमंत्री है जो बिना किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के केवल देश की भलाई के लिए काम करेगा। पीएम लेसगू के लिए बालेन।" एक अन्य ने लिखा, "प्रिय बालेन, अभी आगे बढ़ो या कभी नहीं। नेपाल तुम्हारे पीछे है, आगे बढ़ो।"

इंजीनियर, रैपर और गीतकार, आखिर कौन हैं बलेंद्र शाह?

बलेंद्र शाह, जिन्हें बलेन के नाम से जाना जाता है, काठमांडू मेट्रोपॉलिटन सिटी के मेयर हैं। 1990 में काठमांडू में जन्मे, उन्होंने नेपाल में सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और बाद में भारत के विश्वेश्वरैया प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की। राजनीति में आने से पहले, शाह नेपाल के अंडरग्राउंड हिप-हॉप जगत में एक रैपर और गीतकार के रूप में सक्रिय थे, और अक्सर अपने संगीत के माध्यम से भ्रष्टाचार और असमानता जैसे मुद्दों को उठाते थे।

शाह 2022 में, एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में काठमांडू मेयर का चुनाव लड़ा और 61,000 से ज़्यादा वोटों से जीत हासिल की, जिसमें उन्होंने स्थापित राजनीतिक दलों के प्रतिद्वंद्वियों को हराया। उनका विवाह सबीना काफले से हुआ है और वे सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं, जहां वे नियमित रूप से नागरिक और राजनीतिक मुद्दों पर जनता से संवाद करते हैं।

ये भी पढ़ें:
Nepal Gen Z Protest: पूर्व पीएम झालानाथ खनाल के घर में लगाई आग, पत्नी की जलने से हुई दर्दनाक मौत

Nepal Protest: नेपाल में विरोध प्रदर्शन के बीच आसमान से होने लगी पैसों की बारिश, देखें VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश