Pakistan Khyber Pakhtunkhwa Mortar Shell Explosion: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में अफगानिस्तान सीमा से सटे अशांत इलाकों में हाल के दिनों में हिंसा और तनाव चरम पर पहुंच गया है। बुधवार देर रात खैबर जिले की तिराह घाटी के सेरी कंदाओ इलाके में एक रिहायशी क्षेत्र में मोर्टार गोला गिरने से एक परिवार के कम से कम 5 सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अज्ञात दिशा से दागा गया यह मोर्टार गोला सीधे घर पर गिरा, जिससे मौके पर ही 5 लोग मारे गए। मृतकों में नियाज बादशाह नाम के व्यक्ति, उसके 2 बेटे, भतीजा और पोता शामिल थे।
यह घटना अफगानिस्तान सीमा के पास होने की वजह से अधिक गंभीर मानी जा रही है, क्योंकि इस तरह के हमले अक्सर सीमा पार से होने वाली गोलीबारी या मोर्टार हमलों से जुड़े होते हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाए जाने चाहिए।
तिराह घाटी जैसे इलाके पहले से ही तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और अन्य समूहों की गतिविधियों के कारण अशांत रहते हैं, जहां सीमा पार से फायरिंग और मोर्टार हमले आम बात हैं। निवासियों का कहना है कि रोजाना ऐसी घटनाएं होती हैं और उनकी जान को खतरा बना रहता है। यह घटना पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर चल रहे बड़े सैन्य तनाव से भी जुड़ी हो सकती है।
पाकिस्तान ने कहा कि उसके सुरक्षा बलों ने 2 सप्ताह पहले शुरू किए गए सैन्य अभियान में अब तक 641 अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया गया है और 855 से अधिक घायल हुए हैं। अभियान के दौरान 2,611 किलोमीटर लंबी सीमा पर 53 स्थानों से हमलों के जवाब में यह कार्रवाई शुरू की गई थी। पाकिस्तानी सेना ने दावा किया है कि कई तालिबान चेक पोस्ट, हथियारों के ठिकाने और सैन्य वाहन नष्ट किए गए हैं। यह ऑपरेशन सीमा पर बढ़ते हमलों का सीधा जवाब माना जा रहा है, जहां अफगान तालिबान की ओर से पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर हमले हो रहे हैं। पाकिस्तान का कहना है कि TTP जैसे समूह अफगानिस्तान से संचालित होकर पाकिस्तान में आतंक फैला रहे हैं, जबकि अफगान पक्ष इन आरोपों से इनकार करता है।
यह भी पढ़ें:
अमेरिकी सेना ने जारी किया ईरानी विमानों पर हमले का वीडियो, देखें कैसे रनवे पर ही राख बन गए जहाजईरानी ड्रोन्स ने ओमान पोर्ट में तेल स्टोरेज टैंक पर किया हमला, उठा आग का गुबार; देखें VIDEO
संपादक की पसंद