1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारत के साथ रूस की बढ़ती दोस्ती देखकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को लगी मिर्ची, पुतिन से कहा- "हम भी आपसे मजबूत रिश्ते चाहते हैं"

भारत के साथ रूस की बढ़ती दोस्ती देखकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को लगी मिर्ची, पुतिन से कहा- "हम भी आपसे मजबूत रिश्ते चाहते हैं"

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Sep 03, 2025 08:28 am IST,  Updated : Sep 03, 2025 08:28 am IST

पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से चीन में मुलाकात की और वार्ता के दौरान कहा कि वह भारत के साथ रूस के संबंधों का सम्मान करते हैं लेकिन पाकिस्तान से भी रूस के मजबूत रिश्ते चाहते हैं।

Pakistan- India TV Hindi
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने पुतिन से की मुलाकात Image Source : PTI

बीजिंग: चीन में भारत और रूस की दोस्ती देखकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को मिर्ची लगी है। उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता के दौरान कहा है कि पाकिस्तान भी रूस से मजबूत रिश्ते चाहता है। बता दें कि पाकिस्तान के PM और रूसी राष्ट्रपति SCO समिट में भाग लेने के लिए चीन में मौजूद थे। इसी दौरान ये बात हुई।

शहबाज शरीफ ने और क्या कहा? 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शहबाज शरीफ ने पुतिन से कहा- "भारत के साथ आपके संबंधों का सम्मान है लेकिन हम भी रूस के साथ मजबूत संबंध चाहते हैं।" शरीफ ने कहा, "मुझे कहना होगा कि हम भारत के साथ आपके संबंधों का सम्मान करते हैं। यह बिल्कुल ठीक है। लेकिन हम (रूस के साथ) भी बहुत मजबूत संबंध बनाना चाहते हैं और ये संबंध क्षेत्र की भलाई, प्रगति और समृद्धि के लिए पूरक होंगे।"

शरीफ ने पुतिन से कहा, "पिछले कई वर्षों में हमारे संबंधों में लगातार सुधार हुआ है। कई क्षेत्रों में आपकी प्रतिबद्धता और रुचि के लिए धन्यवाद। मैं अपने द्विपक्षीय संबंधों को निर्णायक रूप से मजबूत करने का इरादा रखता हूं।"

शहबाज ने पुतिन की तारीफों के पुल बांधे

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS के अनुसार, शहबाज शरीफ ने इस बात पर जोर दिया कि पुतिन एक बहुत ही गतिशील नेता हैं और अब रूस और पाकिस्तान सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। सरकारी रेडियो पाकिस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान रूस के साथ व्यापार संपर्क, ऊर्जा, कृषि, निवेश, रक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच आदान-प्रदान के क्षेत्र में संबंधों का विस्तार करने के लिए उत्सुक है।

अन्य मुद्दों पर भी बात 

दोनों नेताओं ने दक्षिण एशिया, अफ़ग़ानिस्तान, मध्य पूर्व और यूक्रेन संघर्ष की स्थिति पर भी चर्चा की। रेडियो पाकिस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने बहुपक्षीय मंचों पर चल रहे सहयोग के साथ-साथ फ़िलिस्तीन और कश्मीर जैसे दीर्घकालिक वैश्विक मुद्दों और विवादों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

इसके अलावा शरीफ ने नवंबर में रूस आने और शासनाध्यक्षों के लिए शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के एक कार्यक्रम में भाग लेने के पुतिन के निमंत्रण को भी स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा, "मुझे रूस आकर बहुत खुशी होगी।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश