1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. श्रीलंका की नौसेना ने एक बार फिर 15 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार, समुद्री सीमा को लेकर हाल ही में दोनों देशों ने की थी चर्चा

श्रीलंका की नौसेना ने एक बार फिर 15 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार, समुद्री सीमा को लेकर हाल ही में दोनों देशों ने की थी चर्चा

 Edited By: Shashi Rai @km_shashi
 Published : Nov 06, 2022 11:37 am IST,  Updated : Nov 06, 2022 11:37 am IST

मछुआरों का मुद्दा भारत और श्रीलंका के संबंधों में एक विवाद का कारण रहा है। श्रीलंकाई नौसेना के कर्मी कई मामलों में पाक जलडमरूमध्य में भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी करते हैं और श्रीलंका के जल क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में उनकी नौकाओं को जब्त कर लेते हैं।

Representative image- India TV Hindi
Representative image Image Source : PTI/FILE

श्रीलंका की नौसेना ने एक बार फिर भारत के 15 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया  है। दोनों पक्षों के बीच कई उच्च स्तरीय वार्ताओं के बावजूद श्रीलंकाई समुद्री क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार करना विवाद का विषय बना हुआ है। बता दें, श्रीलंका और भारत ने दोनों देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा चुनौतियों के मुद्दे पर हाल में बातचीत की थी। 

मछुआरों की दो नौकाएं भी जब्त

श्रीलंका की नौसेना ने देश के समुद्री क्षेत्र में अवैध रूप से मछलियां पकड़ने के आरोप में कम से कम 15 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और उनकी दो नौकाओं को जब्त कर लिया है। नौसेना ने एक बयान में बताया कि मछुआरों को शनिवार को मन्नार द्वीप के उत्तर-पश्चिमी तट पर स्थित तलाईमन्नार के पास से गिरफ्तार किया गया था। बयान में बताया गया कि मछुआरों को मत्स्य निरीक्षक को सौंपा जाएगा। 

भारत-श्रीलंका के बीच इस मुद्दे पर विवाद

मछुआरों का मुद्दा भारत और श्रीलंका के संबंधों में एक विवाद का कारण रहा है। श्रीलंकाई नौसेना के कर्मी कई मामलों में पाक जलडमरूमध्य में भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी करते हैं और श्रीलंका के जल क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में उनकी नौकाओं को जब्त कर लेते हैं। पाक जलडमरूमध्य श्रीलंका से तमिलनाडु को अलग करने वाला एक जलडमरूमध्य है और इस जल क्षेत्र में बड़ी संख्या में मछलियां मिलती हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश