तेहरान: ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव को कम करने के लिए दोनों देशों के बीच एक अस्थायी समझौते पर बातचीत चल रही है। अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों पक्ष एक ऐसे शुरुआती फ्रेमवर्क पर चर्चा कर रहे हैं, जिसके तहत 30 दिनों तक सैन्य गतिविधियां रोकी जा सकती हैं और दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को फिर से व्यावसायिक जहाजों के लिए खोला जा सकता है।
Related Stories
30 दिनों के लिए रुक सकते हैं हमले
रिपोर्ट में ईरान के 3 वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि यह प्रस्ताव फिलहाल एक पन्ने के प्रारूप के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसका मकसद दोनों देशों के बीच जारी तनाव और टकराव को अस्थायी रूप से रोकना है, ताकि आगे किसी स्थायी और बड़े समझौते पर बातचीत जारी रह सके। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत ईरान और अमेरिका 30 दिनों के लिए सैन्य कार्रवाई रोक सकते हैं। इस दौरान दोनों देशों के प्रतिनिधि एक व्यापक समझौते के लिए बातचीत जारी रखेंगे। अधिकारियों के अनुसार, अभी भी ड्राफ्ट की भाषा और शर्तों को लेकर चर्चा चल रही है।
परमाणु कार्यक्रम है सबसे बड़ा मुद्दा
रिपोर्ट के मुताबिक, बातचीत में सबसे बड़ा विवाद ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बना हुआ है। अमेरिका चाहता है कि ईरान पहले यह भरोसा दे कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम और उच्च स्तर पर संवर्धित यूरेनियम के भंडार को लेकर क्या कदम उठाएगा। ईरानी अधिकारियों का दावा है कि अमेरिकी पक्ष चाहता है कि ईरान अपने संवर्धित यूरेनियम का पूरा भंडार अमेरिका को सौंप दे, अपने 3 परमाणु केंद्र बंद करे और अगले 20 वर्षों तक यूरेनियम संवर्धन की गतिविधियां रोक दे।
ईरान ने दिया है वैकल्पिक प्रस्ताव
अमेरिका की इस मांग के जवाब में ईरान ने अलग प्रस्ताव रखा है। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, तेहरान कुछ यूरेनियम को कम संवर्धित स्तर पर लाने और बाकी हिस्से को किसी तीसरे देश, जो कि रूस हो सकता है, को सौंपने के लिए तैयार है। ईरान ने यह भी प्रस्ताव दिया है कि वह 10 से 15 वर्षों तक यूरेनियम संवर्धन रोक सकता है। हालांकि उसके 3 परमाणु केंद्रों के भविष्य को लेकर अभी कोई सहमति नहीं बन पाई है।
'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' खोलने पर भी चर्चा
ईरानी अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित अंतरिम समझौते में 3 अहम बातों पर जोर दिया गया है:
- ईरानी जहाजों और बंदरगाहों पर अमेरिकी रोक हटाना
- होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से व्यावसायिक जहाजों के लिए खोलना
- दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम लागू कर सैन्य गतिविधियां रोकना
बता दें कि 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' वैश्विक तेल व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां किसी भी तरह का तनाव अंतरराष्ट्रीय बाजार और तेल सप्लाई को प्रभावित कर सकता है।
बड़े मुद्दों पर 30 दिन के भीतर होगी चर्चा
रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ बड़े और संवेदनशील मुद्दों पर अगले 30 दिनों के भीतर चर्चा की जाएगी। इनमें ईरान पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों में राहत, परमाणु कार्यक्रम का दीर्घकालिक भविष्य और विदेशों में फ्रीज की गई ईरानी संपत्तियों को जारी करने जैसे विषय शामिल हैं। ईरानी अधिकारियों ने यह भी कहा कि तेहरान परमाणु हथियार नहीं बनाने और यूरेनियम संवर्धन रोकने को लेकर प्रतिबद्धता जताने के लिए तैयार है। हालांकि इस रोक की अवधि और शर्तों पर दोनों पक्षों के बीच अभी बातचीत जारी है।