1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. सीजफायर के बीच अमेरिका ने ईरान के तेल टैंकर पर किया हमला, ट्रंप ने फिर दी बमबारी की चेतावनी

सीजफायर के बीच अमेरिका ने ईरान के तेल टैंकर पर किया हमला, ट्रंप ने फिर दी बमबारी की चेतावनी

 Published : May 07, 2026 09:56 am IST,  Updated : May 07, 2026 09:56 am IST

अमेरिका ने ओमान की खाड़ी में एक ईरानी तेल टैंकर पर हमला किया है, जबकि फिलहाल दोनों देशों के बीच आधिकारिक सीजफायर जारी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि समझौता न होने पर बमबारी फिर शुरू हो सकती है।

US Iran Conflict, Iran Oil Tanker Attack, Donald Trump Warning, Gulf of Oman Incident- India TV Hindi
अमेरिका ने ईरान के तेल टैंकर पर हमला किया है। Image Source : AP

वॉशिंगटन: ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के बीच अमेरिकी सेना ने बुधवार को एक ईरानी तेल टैंकर पर हमला कर दिया है। इस कार्रवाई के साथ ही अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर समझौते का दबाव बढ़ाते हुए चेतावनी दी है कि अगर समझौता नहीं हुआ तो बमबारी फिर से शुरू हो सकती है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, यह हमला ओमान की खाड़ी में हुआ, जब एक ईरानी तेल टैंकर अमेरिकी नाकाबंदी को तोड़कर बंदरगाहों की ओर जाने की कोशिश कर रहा था।

'युद्ध जल्द खत्म हो सकता है'

कमांड के मुताबिक, एक लड़ाकू विमान ने टैंकर के रडर यानी कि दिशा नियंत्रित करने वाले हिस्से को निशाना बनाया। हालांकि इस समय ईरान और अमेरिका के बीच आधिकारिक रूप से 'सीजफायर' लागू है, फिर भी क्षेत्र में तनाव लगातार बना हुआ है। ईरान की सरकार ने कहा है कि वह अमेरिका के नए प्रस्तावों पर विचार कर रही है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि 2 महीने से चल रहा युद्ध जल्द खत्म हो सकता है और जंग के कारण रुकी हुई तेल और गैस आपूर्ति फिर से शुरू हो सकती है।

'अगर वे सहमत नहीं हुए तो...'

ट्रंप ने जंग को लेकर यह भी कहा कि यह सब इस बात पर निर्भर करेगा कि ईरान अमेरिका की शर्तें मानता है या नहीं। उन्होंने चेतावनी देते हुए लिखा, 'अगर वे सहमत नहीं हुए तो बमबारी शुरू होगी। अगर समझौता नहीं होता है तो हम हमला करेंगे और यह पहले से कहीं ज्यादा बड़े स्तर और ज्यादा तीव्रता वाला होगा।' ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के अधिकारी युद्ध खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'हम उन लोगों से बात कर रहे हैं जो समझौता करना चाहते हैं, और हम देखेंगे कि क्या वे हमारे लिए संतोषजनक समझौता कर सकते हैं।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश