1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. यमन में लड़ाई जोरों पर, हूती विद्रोहियों ने तेल डिपो पर किया हमला, सऊदी अरब का पलटवार

यमन में लड़ाई जोरों पर, हूती विद्रोहियों ने तेल डिपो पर किया हमला, सऊदी अरब का पलटवार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 26, 2022 05:08 pm IST,  Updated : Mar 26, 2022 05:08 pm IST

हूती विद्रोहियों ने कहा है कि गठबंधन ने एक बिजली संयंत्र, एक तेल आपूर्ति प्रतिष्ठान और सरकार संचालित सामाजिक बीमा कार्यालय को निशाना बनाया।

Houthi rebels, Saudi Arabia, Houthi rebels attack oil depot, Saudi Arabia Houthi rebels- India TV Hindi
A cloud of smoke rises from a burning oil depot in Jiddah, Saudi Arabia, Friday, March 25, 2022. Image Source : AP

Highlights

  • सऊदी अरब नीत गठबंधन ने सना में और लाल सागर तट पर स्थित एक शहर में हवाई हमले किये।
  • अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हमलों में कम से कम 7 लोग मारे गये हैं।
  • हूती विद्रोहियों ने जेद्दा में फॉर्मूला वन मुकाबले से पहले शुक्रवार को एक तेल डिपो पर हमला किया था।

सना: यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों से लड़ रहे सऊदी अरब नीत गठबंधन ने सना में और लाल सागर तट पर स्थित रणनीतिक महत्व के एक शहर में हवाई हमले किये हैं। अधिकारियों ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हमलों में कम से कम 7 लोग मारे गये हैं। हूतियों के कब्जे वाले सना और होदैदा पर शुक्रवार रात किए गए हवाई हमले, सऊदी के जेद्दा शहर में एक तेल डिपो पर विद्रोहियों द्वारा हमला किये जाने के एक दिन बाद किए गए हैं।

हमलों में 7 की मौत, 3 लोग हुए घायल

सरकार संचालित सऊदी प्रेस एजेंसी की खबर के मुताबिक, सऊदी नीत गठबंधन के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल तुर्की अल मलिकी ने कहा कि हवाई हमलों से खतरे के स्रोतों को निशाना बनाया गया। हूती विद्रोहियों ने कहा है कि गठबंधन ने एक बिजली संयंत्र, एक तेल आपूर्ति प्रतिष्ठान और सरकार संचालित सामाजिक बीमा कार्यालय को निशाना बनाया। एक हूती मीडिया कार्यालय ने दावा किया है कि हवाई हमले में सामाजिक बीमा कार्यालय के सुरक्षा प्रहरियों के मकानों को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 7 लोग मारे गये और 3 अन्य घायल हो गये। 

हूती विद्रोहियों का सबसे हाई-प्रोफाइल हमला
बता दें कि इससे पहले यमन हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के जेद्दा शहर में फॉर्मूला वन मुकाबले से पहले शुक्रवार को एक तेल डिपो पर हमला किया। यह विद्रोहियों का अब तक का सबसे हाई-प्रोफाइल हमला है। बहरहाल, सऊदी अरब प्राधिकारियों ने संकल्प जताया कि आगामी फॉर्मूला वन स्पर्धा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी। हमले में उसी तेल डिपो को निशाना बनाया गया है, जिस पर हाल के दिनों में हूती विद्रोहियों ने हमला किया था। ‘नॉर्थ जेद्दा बल्क प्लांट’ शहर के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के दक्षिणपूर्व में स्थित है और मक्का जाने वाले जायरीनों के लिए अहम पड़ाव है।

हमले में इस्तेमाल हुए हथियार की जानकारी नहीं
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ‘सऊदी अरब ऑयल को’ जिसे सऊदी अरामको के नाम से भी जाना जाता है, उसने अभी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। सऊदी अरब के प्राधिकारियों ने माना कि एक ‘शत्रुतापूर्ण अभियान’ में जेद्दा के तेल डिपो को निशाना बनाया गया। उन्होंने हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार की जानकारी नहीं दी। यमन में सऊदी अरब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों से लड़ने वाले गठबंधन का नेतृत्व कर रहा है। इन विद्रोहियों ने सितंबर 2014 में यमन की राजधानी सना पर कब्जा जमा लिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश