1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. जासूस मामला: ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने पुतिन को जिम्मेदार ठहराया, रूस ने किया पलटवार

जासूस मामला: ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने पुतिन को जिम्मेदार ठहराया, रूस ने किया पलटवार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 16, 2018 07:49 pm IST,  Updated : Mar 16, 2018 07:49 pm IST

पूर्व रूसी जासूस सर्गेई स्क्रीपल और उनकी बेटी यूलिया को ब्रिटिश शहर सैलिसबरी में विषाक्त पदार्थ दिए जाने के मामले में ब्रिटेन और रूस के बीच मामला गंभीर होता जा रहा है...

Vladimir Putin | AP Photo- India TV Hindi
Vladimir Putin | AP Photo

लंदन: पूर्व रूसी जासूस सर्गेई स्क्रीपल और उनकी बेटी यूलिया को ब्रिटिश शहर सैलिसबरी में विषाक्त पदार्थ दिए जाने के मामले में ब्रिटेन और रूस के बीच मामला गंभीर होता जा रहा है। ब्रिटेन के विदेश मंत्री बोरिस जॉनसन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को सीधे-सीधे जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इस बात की ‘पूरी संभावना है’ कि रूसी राष्ट्रपति ने पूर्व जासूस को जहर देने के आदेश दिए हों। वहीं, प्रधानमंत्री टेरीजा मे ने कहा कि इस बात की ‘पूरी संभावना है’ कि सर्गेई स्क्रीपल और उनकी बेटी यूलिया पर हमले के लिए रूस सरकार जिम्मेदार हो। 

जॉनसन ने टेरीजा से एक कदम आगे बढ़ते हुए आज पुतिन को सीधे सीधे जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, ‘हमारी लड़ाई पुतिन सरकार और उनके फैसले से है और मुझे लगता है कि इस बात की पूरी संभावना है कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार यूरोप की सड़कों पर जहर से हमले का सीधा-सीधा फैसला पुतिन का हो।’ रूस ने जॉनसन के दावे की निंदा करते हुए कहा कि पुतिन पर उनका आरोप ‘हैरान करने वाला और पूरी तरह अनुचित है।’ पुतिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने रूसी समाचार एजेंसियों से एक बयान में कहा कि जॉनसन का बयान ‘हैरान करने वाला है और राजनयिक औचित्य का अक्षम्य उल्लंघन है।’ 

पेस्कोव ने जोर दिया कि ‘हमने लगातार कहा है कि रूस का इससे कोई संबंध नहीं है।’ उन्होंने कहा कि देर-सवेर ब्रिटिश पक्ष को किसी भी किस्म का स्पष्ट सबूत देना होगा। पेस्कोव ने कहा कि कभी ना कभी आरोपों को साबित करना पड़ेगा, केवल आक्षेप नहीं चलेगा। गौरतलब है कि घटना को लेकर ब्रिटेन ने 23 रूसी राजनयिकों को निष्कासित कर दिया है और रूस ने कहा कि वह इसका जवाब देगा। ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और अमेरिका ने गुरूवार को संयुक्त बयान में सर्गेई स्क्रीपल और उनकी बेटी यूलिया पर जहर के जरिए हमले की निंदा करते हुए इसे ब्रिटेन की संप्रभुता पर हमला बताया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश