1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. पोप ने क्रिसमस पर दिया संदेश, इशारों में ‘शरणार्थियों’ का स्वागत करने की बात कही

पोप ने क्रिसमस पर दिया संदेश, इशारों में ‘शरणार्थियों’ का स्वागत करने की बात कही

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 25, 2017 05:09 pm IST,  Updated : Dec 25, 2017 05:09 pm IST

सर्वोच्च कैथलिक ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस ने अपने कार्यकाल का पांचवां क्रिसमस मध्यरात्रि का जश्न मनाया...

Pope Francis | AP Photo- India TV Hindi
Pope Francis | AP Photo

वेटिकन सिटी: सर्वोच्च कैथलिक ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस ने अपने कार्यकाल का पांचवां क्रिसमस मध्यरात्रि का जश्न मनाया। इस मौके पर उन्होंने अपने संदेश में लोगों से इशारों में शरणार्थयों का स्वागत करने की बात कही। पोप ने ईसा मसीह के अभिभावकों जोसेफ और मैरी की बाइबिल में लिखी कहानी पर प्रकाश डालते हुए दूसरी जगहों से आने वाले लोगों का स्वागत करने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि ईसा के माता-पिता को बेथलहम में जगह नहीं मिली थी तो एक बेहद गरीब आदमी ने उन्हें पनाह दी थी।

पोप ने रविवार रात अपने संदेश में कहा कि जीसस क्राइस्ट के अभिभावकों को बेथलहम में कोई स्थान नहीं मिला था। एक बेहद गरीब व्यक्ति ने उन्हें पनाह दी थी। उन्होंने कहा कि ईसाई धर्म इस बात की अपेक्षा करता है कि विदेशियों का स्वागत किया जाना चाहिए। भारी सुरक्षा के बीच आयोजित मास में कैथलिक श्रद्धालुओं ने यीशु के जन्म को याद किया। इस वर्ष कार्यक्रम को मध्यरात्रि पर नहीं बल्कि रात 9.30 बजे ही शुरू कर दिया गया। पोप ने सेंट पीटर्स बेसिलिका (गिरिजाघर) के अंदर लगभग 10,000 लोगों के बीच अपना संदेश दिया जबकि हजारों लोगों ने बेसिलिका के बाहर प्रार्थनाएं कीं।

हाल के दिनों में अपने-अपने देशों से उजड़ने वाले शरणार्थियों की मदद के लिए पोप फ्रांसिस मजबूती से आवाज उठाते रहे हैं और अपने संदेश में उन्होंने फिर से इसकी जरूरत को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि 'हमारी नागरिकता का दस्तावेज ईश्वर की तरफ से आता है, इसलिए आव्रजकों का सम्मान इसाईयत का अभिन्न अंग है।' उन्होंने कहा कि इंसानों की तस्करी करने वाले ऐसे जालिम हैं जिनके हाथ इंसानों के खून से रंगे हुए हैं। पोप फ्रांसिस सोमवार को सेंट पीटर्स बेसिलिका से देश व दुनिया को अपनी पारंपरिक क्रिसमस डे ब्लेसिंग्स देंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश