दीर अल-बलाहः इजरायली सेना ने गाज़ा पट्टी पर एक और बड़ी एयरस्ट्राइक की है। इस भयानक और इस ताज़ा हवाई हमले में चार बच्चों सहित कम से कम 28 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई है। जबकि हमास आतंकियों के 250 ठिकाने तबाह हो गए हैं। इसमें आतंकियों के कंट्रोल और कमांड सेंटर से लेकर हथियार डिपो, सुरंगें और अन्य सेंटर शामिल हैं। गाजा अस्पताल के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कहां हुई कितने लोगों की मौत
अल-अक्सा शहीद अस्पताल के अनुसार इजरायली हमले में मध्य गाज़ा के दीर अल-बलाह इलाके में शुक्रवार देर रात 13 लोगों की मौत हुई है, जिनमें दो महिलाएं और कई बच्चे शामिल हैं। वहीं नासिर अस्पताल ने बताया कि एक पेट्रोल पंप के पास हुए हमले में चार और लोग मारे गए। जबकि दक्षिणी गाज़ा के खान यूनिस में किए गए हवाई हमलों में 15 लोगों की जान चली गई।
इजरायल ने कहा-आतंकी ठिकानों को किया तबाह
इज़रायली सेना ने दावा करते कहा, "आतंकवादी ठिकानों पर हमला" किया गया है। पिछले 48 घंटों में लगभग 250 ठिकानों पर हमले किए हैं, जिनमें, आतंकी लड़ाके, गोला-बारूद के भंडार, टैंक-रोधी मिसाइल लॉन्चिंग पॉइंट्स, स्नाइपर चौकियां, सुरंगें और हमास के अन्य रणनीतिक बुनियादी ढांचे तबाह हो गए हैं। हालांकि नागरिकों की मौतों पर एसोसिएटेड प्रेस को इज़रायली सेना ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।
गाज़ा में हालात बेहद गंभीर
इज़रायली सेना की इस कार्रवाई के चलते गाज़ा में हालात दिन-प्रतिदिन गंभीर होते जा रहे हैं। हवाई हमलों में बड़ी संख्या में नागरिकों की जानें जा रही हैं, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। अस्पतालों में लगातार बढ़ रही शवों की संख्या और घायलों की हालत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। स्थिति पर नजर रखने वाले मानवाधिकार संगठनों ने इज़रायल से संयम बरतने और नागरिकों को निशाना न बनाने की अपील की है। (एपी)