1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Mariupol News: यूक्रेन ने कहा- मारियुपोल स्टील प्लांट से सभी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को निकाला गया

Mariupol News: यूक्रेन ने कहा- मारियुपोल स्टील प्लांट से सभी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को निकाला गया

 Published : May 07, 2022 11:39 pm IST,  Updated : May 07, 2022 11:39 pm IST

रूस की समाचार एजेंसी तास ने बताया कि शनिवार को संयंत्र से 50 असैन्य लोगों को निकाला गया है।

Mariupol News, Mariupol Steel Plant News, Azovstal Steel Plant, Azovstal Steel Plant News- India TV Hindi
Smoke rises from the Metallurgical Combine Azovstal in Mariupol. Image Source : AP

Highlights

  • मारियुपोल के स्टील प्लांट से सभी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को निकाल लिया गया है: यूक्रेन
  • रूस की सेना ने लंबे समय से अजोवस्ताल स्टील प्लांट की घेराबंदी की हुई थी।

Mariupol News: यूक्रेन की उपप्रधानमंत्री इरिना वीरेशचुक ने शनिवार को कहा कि मारियुपोल के स्टील प्लांट से सभी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को निकाल लिया गया है। रूस की सेना ने लंबे समय से इस स्टील प्लांट की घेराबंदी की हुई थी। उन्होंने शनिवार को कहा, ‘राष्ट्रपति के आदेश का अनुपालन किया गया। सभी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को अजोवस्ताल से निकाल लिया गया है। मारियुपोल मानवीय अभियान का यह हिस्सा पूरा कर लिया गया है।’ हालांकि, वीरेशचुक ने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

यूक्रेनी सैनिकों के साथ आम लोग भी प्लांट में थे

रूस की समाचार एजेंसी तास ने बताया कि शनिवार को संयंत्र से 50 असैन्य लोगों को निकाला गया है और लगभग इतनी ही संख्या में गैर सैनिकों की शुक्रवार को भी निकासी हुई थी। बता दें कि मारियुपोल को पूरी तरह से रूसी सैनिकों के कब्जे में जाने से रोकने के लिए यूक्रेनी सैनिकों के साथ आम लोग भी संयंत्र में मौजूद थे। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माने जाने वाले मारियुपोल शहर पर रूस को संपूर्ण रूप से नियंत्रण करने से रोकने के लिए यूक्रेनी सैनिक और लड़ाके अपनी अंतिम लड़ाई लड़ रहे हैं।

यूक्रेनी सैनिकों ने रूस का हमला झेलने की तैयारी की
इस बीच यूक्रेन के सैनिकों ने शनिवार को देश के दूसरे सबसे बड़े शहर के आसपास अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। वहीं, रूस की सेना ने मारियुपोल में अपनी जीत को देश के विजय दिवस समारोह से पहले पूरा करने के प्रयास में अजोवस्तल स्टील प्लांट पर हमले तेज कर दिए हैं। दूसरे विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर तत्कालीन सोवियत संघ की जीत के उपलक्ष्य में सोमवार की छुट्टी से पहले समूचे यूक्रेन के शहर रूस के भीषण हमलों का सामना करने को तैयार दिखे। यूक्रेन के पहले उपगृह मंत्री येवेन येनिन ने कहा, ‘ये प्रतीकात्मक तारीखें रूसी हमलावरों के लिए हैं।’

स्टील प्लांट में मोर्चा संभाले हुए हैं यूक्रेनी सैनिक
येवेन येनिन ने कहा, ‘जब पूरी सभ्य दुनिया इन दिनों में भयानक युद्धों में मारे गए लोगों को याद करती है, तब रूसी संघ परेड का आयोजन चाहता है और मारियुपोल में हड्डियों पर नृत्य करने की तैयारी कर रहा है।’ अजोवस्तल स्टील प्लांट को छोड़कर पूरा मारियुपोल रूस के नियंत्रण में आ चुका है। इस प्लांट में यूक्रेन के सैनिक मोर्चा संभाले हुए हैं और इस पर कब्जा होने पूरे शहर पर रूस का कब्जा हो जाएगा जिसे पुतिन विजय दिवस के दिन जनता के सामने तोहफे के रूप में पेश कर सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश